हरियाणा

पालम विहार में युवक की मौत से मचा हड़कंप, कमरे में मिला फंदे पर लटका शव; मोबाइल से मिले अहम सुराग

गुरुग्राम के पालम विहार इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 13 जनवरी की दोपहर को सेक्टर-22 स्थित एक पीजी में रह रहे 25 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से कमरे की बारीकी से जांच कराई गई।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के लुहन्ना गांव निवासी विशाल के रूप में हुई है। वह बीते तीन महीनों से गुरुग्राम में मारुति कंपनी में कार्यरत था और नौकरी के सिलसिले में पीजी में रह रहा था। मंगलवार को दोपहर करीब 3:30 बजे जब उसी पीजी में रहने वाला एक अन्य युवक कमरे में पहुंचा, तो उसने विशाल को फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने तुरंत पीजी मालिक को सूचना दी, जिन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।

पालम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साइंस लैब तथा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर उसकी जांच की। मोबाइल डेटा खंगालने पर कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और वीडियो कॉल से जुड़े कुछ अहम सुराग सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विशाल एक युवती के संपर्क में था और दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी। मोबाइल में उस युवती से जुड़े संदेश, वीडियो कॉल के रिकॉर्ड और कुछ फोटो-वीडियो भी मिले हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन तथ्यों के आधार पर फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

मृतक के भाई अवनीश ने बताया कि विशाल कुछ समय पहले दिवाली पर घर आया था, लेकिन उस दौरान उसने किसी भी तरह की परेशानी या तनाव की बात परिवार से साझा नहीं की थी। परिजन इस अचानक हुई घटना से गहरे सदमे में हैं।

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। मोबाइल में मिले तथ्यों के आधार पर संबंधित युवती से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button