
जगरांव में मोगा रोड पर भयानक सड़क हादसा, भाई-बहन की मौत
जगरांव: रविवार देर रात जगरांव के मोगा रोड पर परदेसी ढाबा के पास एक भयानक सड़क हादसा हुआ। स्विफ्ट डिजायर कार में सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी टक्कर करने वाली थार का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक सुनाई दी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, थार वाहन चालक इंद्रजीत सिंह (42), गांव गोइंदवाल, रायकोट के रहने वाले, मोगा से लुधियाना जा रहे थे। परदेसी ढाबा के पास उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही सफेद स्विफ्ट डिजायर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट डिजायर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जबर सिंह और उनकी बहन हरदीप कौर के रूप में हुई। दोनों भाई-बहन लुधियाना में रहने वाली अपनी छोटी बहन के साथ लोहड़ी का त्यौहार मनाकर लौट रहे थे।

गंभीर रूप से घायल थार चालक इंद्रजीत सिंह को पहले सिविल अस्पताल जगरांव ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहनों को कब्जे में लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।


