
बल्लभगढ़ में चोरी की दो वारदातें: शोक और खुशी के मौके पर सूने पड़े घरों को बनाया निशाना
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर घरों में सेंधमारी कर नकदी और कीमती आभूषण चुरा लिए। दोनों मामलों में घर के मालिक किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

पहला मामला पर्वतीय कॉलोनी इलाके का है। भड़ाना चौक नंगला एन्क्लेव निवासी कैलाश पंडित परिवार सहित बिहार अपने दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। एक जनवरी को घर बंद कर जाने के बाद छह जनवरी को पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। नौ जनवरी को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर से लगभग 35 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
दूसरी घटना करनेरा बालाजी कॉलोनी की है। यहां रहने वाले राहुल अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए आठ जनवरी को बादशाह खान अस्पताल गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। अगले दिन जब वह अस्पताल से लौटे तो बाहर से ताला बंद मिला, लेकिन अंदर का नजारा देख वे हैरान रह गए। घर से करीब 15 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी हो चुके थे।
दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

