
खिलाड़ियों की सेहत को मिलेगी नई ताकत: पंजाब के 11 जिलों में खुलेंगे स्पोर्ट्स मेडिकल सेंटर
पंजाब सरकार ने राज्य के खिलाड़ियों के हित में एक और बड़ा कदम उठाया है। खेल के दौरान चोट लगने से खिलाड़ियों का करियर प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार ने 11 जिलों में स्पोर्ट्स मेडिकल सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस योजना को शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।

इन मेडिकल सेंटरों के जरिए खिलाड़ियों को चोट से बचाव, समय पर उपचार और रिकवरी से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का फोकस है कि खिलाड़ी सुरक्षित माहौल में अभ्यास करें और अपनी खेल प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
खेल विभाग द्वारा योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित सेंटरों में स्पोर्ट्स इंजरी विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपी, फिटनेस जांच और आधुनिक उपकरणों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे और पंजाब खेलों के क्षेत्र में और मजबूत बनकर उभरेगा।


