
शास्त्री कॉलोनी में खड़ी स्टेशन मास्टर की वरना कार में संदिग्ध हालात में लगी आग
अंबाला। अंबाला कैंट स्थित डीआरएम कार्यालय में कार्यरत स्टेशन मास्टर अनीषा कुमारी की शास्त्री कॉलोनी की मुख्य सड़क किनारे खड़ी वरना कार में आग लगने से पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। यह घटना 6 जनवरी की रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

जानकारी के अनुसार, अनीषा कुमारी ड्यूटी समाप्त होने के बाद रोज़ की तरह अपनी कार कॉलोनी की मुख्य रोड पर खड़ी कर किराये के मकान में चली गई थीं। अगली सुबह जब वह बाहर आईं तो कार पूरी तरह जली हुई हालत में मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि देर रात कार में अचानक आग लग गई थी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। उस समय कार मालिक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस को दी शिकायत में अनीषा कुमारी ने बताया कि वह मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के जखराना गांव की निवासी हैं और वर्तमान में शास्त्री कॉलोनी में किराये पर रह रही हैं। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, हालांकि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि कैमरों में सामने नहीं आई।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आग की शुरुआत कार की बैटरी साइड से हुई हो सकती है। पड़ाव थाना पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर रपट दर्ज कर ली है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में कार में रखा कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बच पाया।

