
इंद्री अनाज मंडी में धूमधाम से मनेगा गणतंत्र दिवस, तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क
उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 26 जनवरी को यह समारोह इंद्री अनाज मंडी में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में एसडीएम अनिल कुमार ने कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को 20 जनवरी तक नाम एसडीएम कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में आकर्षक मार्च पास्ट सलामी, पीटी शो तथा स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। समारोह स्थल पर साफ-सफाई, जलपान, बिजली, पेयजल, शौचालय, मंच सजावट और रंगोली सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन का लक्ष्य है कि गणतंत्र दिवस समारोह अनुशासन, देशभक्ति और उत्सव की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न
हो।

