
नहाते समय वीडियो बनाने की जिद, बहन से तुलना कर करता रहा अपमान; पति पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप
रोहतक की पुरानी सब्जी मंडी थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा है और अब उसने सारी हदें पार कर दी हैं।

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2019 में करनाल में हुई थी। वह दो बेटियों की मां है, जिनमें बड़ी बेटी की उम्र पांच वर्ष और छोटी की उम्र दो वर्ष है। शादी के कुछ समय बाद से ही पति का व्यवहार उसके प्रति क्रूर हो गया। वह आए दिन मारपीट करता और मानसिक रूप से परेशान करता था। इससे पहले भी तीन-चार बार शिकायत दी गई, लेकिन हर बार पति माफी मांगकर समझौता करवा लेता था।
महिला ने आरोप लगाया कि हाल ही में पति ने बाथरूम में नहाते समय उसकी अश्लील वीडियो बनाने का दबाव बनाया और मना करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। वह नशे का आदी है और गाली-गलौज कर अपमानित करता रहता है। इतना ही नहीं, पति उसे उसकी बहन से तुलना करते हुए कहता है कि उससे ज्यादा सुंदर उसकी बहन है और उसी से शादी करनी चाहिए थी।
पीड़िता का यह भी कहना है कि ससुराल पक्ष दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता रहा, जबकि मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। पति मायके की संपत्ति में हिस्सा दिलवाने का दबाव भी बनाता है।
महिला ने आरोप लगाया कि 26 अक्तूबर को पति और ससुराल वालों ने उसके कपड़ों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर मायके पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 7 जनवरी को पति, सास और मामा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

