
बूटा मंडी में तड़के लगी भयानक आग, लकड़ी का गोदाम जलकर खाक, लाखों का नुकसान
जालंधर के रिहायशी इलाके बूटा मंडी में गुरुवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लकड़ी के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। सुबह करीब पांच बजे लगी आग ने तेज हवाओं के चलते कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। गोदाम से उठता काला धुआं दूर-दूर तक नजर आने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

आग लगते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी के भारी स्टॉक के कारण लपटें लगातार तेज होती चली गईं। हालात बिगड़ते देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का लकड़ी का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।


