
भारत की सहनशीलता अब समाप्त – पूर्व सैनिक डॉ. टी.सी. राव ने जनरल असीम मुनीर को भेजा कड़ा पत्र
कोसली, ओमप्रकाश डाबला
भारत के पूर्व सैनिक, प्रतिष्ठित सैन्य इतिहासकार और शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन (Martyrs’ Family Welfare Foundation – MFWF) के संयोजक डॉ. टी.सी. राव ने पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को एक तीखा और चेतावनी भरा पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि “अब बहुत हो चुका – भारत की सहनशीलता की सीमा समाप्त हो चुकी है।”
डॉ. राव ने पत्र में बीते 77 वर्षों से पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे युद्धों, आतंकी हमलों और सीमा पार से घुसपैठ की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारत अब और अधिक बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन भारत की निर्णायक सैन्य शक्ति और संकल्प का प्रतीक था, और यदि भारत चाहता तो पंजाब, सिंध और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) तक पहुंच सकता था।
डॉ. राव ने पाकिस्तान सेना को चार महत्वपूर्ण कदम तुरंत उठाने की चेतावनी दी:
1. पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को खाली कर भारत को सौंपा जाए।
2. दाऊद इब्राहिम, मसूद अज़हर और हाफिज़ सईद जैसे आतंकियों को भारत को सौंपा जाए।
3. सियाचिन से पाकिस्तानी सेना हटाई जाए।
4. भारत-पाक संबंधों में विश्वास बहाली के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पत्र में डॉ. राव ने साफ कहा, “भारत शांति में विश्वास करता है, लेकिन आत्म-सम्मान और सुरक्षा के लिए कोई समझौता नहीं करेगा।” उन्होंने जनरल असीम मुनीर से आग्रह किया कि वह इस चेतावनी को मित्रवत सलाह के रूप में लें और पाकिस्तान एक जिम्मेदार पड़ोसी की तरह व्यवहार करे।
उन्होंने आगे जोड़ा, “यदि भारत को एक और ऑपरेशन सिंदूर करना पड़ा, तो यह और भी निर्णायक होगा।”
यह पत्र न केवल भारत की जनता और शहीदों के परिजनों की भावनाओं को दर्शाता है, बल्कि पाकिस्तान को कड़ा संदेश भी देता है कि अब भारत चुप नहीं बैठेगा।
भारत”शांति प्रिय हैं, पर देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं” ।
