हरियाणा

Hisar News: हिसार जिले की 30 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Hisar News: हिसार जिले की 30 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

समाधान शिविर में उपायुक्त अनीश यादव ने सुनी समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर निपटारा
हिसार, 30 जनवरी।
उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान किया गया।
उपायुक्त अनीश यादव ने गांव सीसर निवासी रामभजन की 4 नामजद लोगों के खिलाफ रुपये हड़पने व जान से मारने की शिकायत पर एसएचओ बास को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह उपायुक्त अनीश यादव ने हिसार निवासी खुशीराम की जमीन पर अवैध कब्जे करने वालों पर कार्रवाई करने की शिकायत पर एसएचओ आजाद नगर को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। उपायुक्त अनीश यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समाधान होने पर उन्हें जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में उपमंडल स्तर पर भी प्रत्येक कार्यदिवस पर प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन हो रहा है। नागरिक  समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं। समाधान शिविर के दौरान नागरिकों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि समाधान शिविर के जरिए उनकी समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का मंच मिल रहा है। ऐसे शिविरों के आयोजन से न केवल प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है, बल्कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया भी सरल और त्वरित हो रही है।

 

स्कूटी चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरीशुदा 2 इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद।

पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए हिसार पुलिस की एबीवीटी और थाना आजाद नगर पुलिस ने आधार अस्पताल के सामने से इलैक्ट्रिक स्कूटी चोरी के मामले में एक आरोपी मंडी आदमपुर निवासी अमनदीप को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्य सिपाही जोगिंदर सिंह ने बताया कि थाना आजाद नगर में गांव लाडवा निवासी मंजू ने आधार अस्पताल के सामने से स्कूटी चोरी होने के बारे में शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया कि वह आधार अस्पताल में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात है। वह 7 नवंबर 2024 को रोज की तरह अस्पताल में ड्यूटी पर आई थी और स्कूटी अस्पताल के सामने पार्क की। ड्यूटी खत्म होंने पर जब वह वापस आई तो उसे वहां स्कूटी नहीं मिली। किसी अज्ञात ने उसे चोरी किया है। पुलिस ने दी गई शिकायत पर थाना आजाद नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग अंकित कर कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी अमनदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरीशुदा 2 इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।
जांच अधिकारी मुख्य सिपाही जैनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने 20 नवंबर को आधार अस्पताल के सामने से इलैक्ट्रिक स्कूटी चोरी की थी। जिसके बारे में अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स की शिकायत पर थाना आजाद नगर में अभियोग अंकित किया है। पुलिस ने आरोपी से 2 इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है। आरोपी को पूछताछ उपरांत पेश अदालत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले शहीदों की याद में रखा दो मिनट का मौन।
आज वीरवार 30 जनवरी को स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए वीरों की याद में जिला पुलिस कार्यालय परिसर में पुलिस कर्मियों ने दो मिनट का मौन धारण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजली दी। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को याद किया गया। इस मौके पर सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कल्याण निरीक्षक वेदपाल ने कहा कि इस दिन देश के सशस्त्र बलों के शहीदों को सलामी दी जाती है और बापू की याद व शहीदों के लिए दो मिनट का मौन रखा जाता है। गांधीजी के साथ-साथ यह दिन उन सभी शहीदों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी जी की मृत्यु हुई थी। उनके विचार आज जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। आजादी के बाद देश की सरहदों को सुरक्षित रखने के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाने वाले शहीदों को नमन कर उन्हे श्रद्धांजलि दी गई ।

शहीद दिवस पर जिला प्रशासन ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
हिसार, 30 जनवरी।
स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में शहीद दिवस के अवसर पर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में शहीदों को नमन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सुबह 11 बजे दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपायुक्त अनीश यादव, एसडीएम ज्योति मित्तल, सीईओ जिला परिषद हरबीर सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह, जिला राजस्व अधिकारी विजय कुमार यादव, डीएसपी हांसी संजय, डीएसपी हिसार कमलजीत सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उपायुक्त अनीश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों ने हमारे देश की आजादी और सम्मान के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। हमें उनके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।उपायुक्त ने कहा कि शहीद दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमें उन वीरों की याद दिलाता है, जिन्होंने हमें आजादी का मूल्य समझाया। शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना और उनके सपनों को साकार करना हम सभी का कर्तव्य है। शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता और उनके सपनों को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।  जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सुबह 11 बजे दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान सभी ने शहीदों के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।

फसल नुकसान की भरपाई के लिए एक फरवरी तक खुला रहेगा क्षतिपूर्ति पोर्टल : उपायुक्त अनीश यादव
हिसार, 30 जनवरी।
वर्षा या जलभराव के कारण जिन किसानों की फसल खराब हुई है, ऐसे प्रभावित किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर एक फरवरी तक अपने नुकसान की रिपोर्ट दर्ज कर दें।
उपायुक्त अनीश यादव ने कहा कि जिन किसानों की फसल बारिश या जलभराव से खराब हुई है उन्हें राहत देने के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। जिले के किसान एक फरवरी तक इस पोर्टल पर अपनी रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान स्वयं या नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर पोर्टल पर नुकसान की रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पोर्टल पर दर्ज नुकसान की रिपोर्ट को सत्यापित करें ताकि किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उनके बैंक खातों में मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि यह सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता मिल सके। सरकार द्वारा निर्धारित नीति के तहत मुआवजा राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी।

शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से बच्चों के सपनों में उड़ान भर रहा हैं बाल भवन हिसार
हिसार, 30 जनवरी।
बाल भवन हिसार ने शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। बाल भवन हिसार के चेयरमैन उपायुक्त अनीश यादव के मार्गदर्शन में बाल भवन ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई पहल की है। इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि बाल भवन से जुड़े कई बच्चों ने वर्ष 2024 में विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी पाकर अपने सपनों को साकार किया है।
बाल भवन हिसार के कंप्यूटर सेंटर और उत्कृष्ट कोचिंग सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों ने वर्ष 2024 उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इनमें से कुछ प्रमुख नाम हैं:
1. श्री तरुण कुमार (पिता श्री देवेंद्र सैनी, हिसार) – आईएएस परीक्षा में सफलता।
2. सुश्री कांता रानी (पिता श्री धर्मपाल, आर्य नगर, हिसार) – अध्यापक पद के लिए चयन।
3. श्री कपिल (पुत्र श्री राजेंद्र सिंह लाहौरी राघव) – डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में चयन।
4. श्री नैनपाल (पुत्र श्री वीर सिंह) – सेल्स मैनेजर के रूप में चयन।
5. श्रीमती करिश्मा (धर्मपत्नी श्री उमाशंकर, प्रेम नगर, हिसार) – हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में सुरक्षा अधिकारी के रूप में चयन।

इसके अलावा, बाल भवन के ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र से सैकड़ों बच्चों ने प्रशिक्षण प्राप्त करके स्वरोजगार शुरू किया है, जो उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन
बाल भवन हिसार ने गणतंत्र दिवस पर मेरी पहचान मेरा बाल भवन विषय पर आधारित झांकी प्रस्तुत की, जिसने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर हरियाणा सरकार के युवा एवं खेल मंत्री गौरव गौतम ने जिला बाल कल्याण अधिकारी विनोद कुमार को सम्मानित किया। बाल दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 7 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाता हैं जिसमें जिले के सरकारी व निजी विद्यालयों के हजारों बच्चे भाग लेते हैं तथा सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।
20 जुलाई 2024 को बाल भवन हिसार में युवा एवं सेवा फाउंडेशन के सहयोग से उत्कृष्ट कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया था। इस केंद्र में ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध है। इस अवसर पर तत्कालीन महिला एवं बाल विकास विभाग और परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा था कि यह कोचिंग सेंटर बच्चों के सपनों को साकार करने और भारत को फिर से विश्व गुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बाल भवन हिसार ने शिक्षा, कौशल विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है। यह संस्था न केवल बच्चों को शिक्षित कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सफल नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी कर रही है। बाल भवन हिसार की यह सफलता कहानी अन्य एनजीओ के लिए भी एक प्रेरणा है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button