हरियाणा

Karnal News: करनाल जिले की 18 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल जिले की 18 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

शीतलहर व सर्दी से बचाव के लिए आमजन बरतें विशेष सावधानी : उपायुक्त
शीत लहर से बचाव को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी

करनाल, 18 जनवरी।    उपायुक्त उत्तम सिंह ने आम नागरिकों से शीतलहर व सर्दी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। इन दिनों जिला में शीत लहर चल रही है। इसी के मद्देनजर सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से विशेष एडवाइजरी जारी की हुई है।

उपायुक्त ने कहा कि कि शीत लहर व सर्दी से बचने के लिए मौसम पूर्वानुमान के लिए रेडियो/टीवी/समाचार पत्र आदि से जानकारी प्राप्त कर सकतें है। सर्दियों लिए पर्याप्त कपड़ों का स्टॉक करें। घर में ठंडी हवा के प्रवेश रोकने के लिए दरवाजों तथा खिड़कियों को ठीक से बंद रखें। फ्लू, नाक बहना/ भरी नाक या नाक बंद जैसी विभिन्न बीमारियों की संभावना आमतौर पर ठंड में लंबे समय तक संपर्क में रहने के कारण होती हैं। इसलिए इस तरह के लक्षणों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतें तथा स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों या डॉक्टर से परामर्श करें। जितना हो सके घर के अंदर रहें और ठंडी हवा, बारिश, बर्फ के संपर्क में आने से बचने के लिए कम से कम यात्रा करें। गर्म कपड़े पहनें ताकि ठंड बिल्कुल न लगे। तंग कपड़े खून के बहाव को रोकते हैं, इनसे बचें। खुद को सूखा रखें। शरीर की गर्माहट बनाये रखने के लिए सिर, गर्दन, हाथ और पैर की अंगुलियों को ढंककर रखें। गीले कपड़े तुरंत बदलें। हाथों में दस्ताने रखें। फेफड़ों को बचाने के लिए मास्क का प्रयोग करें। सिर पर टोपी या मफलर पहने, स्वास्थ्य वर्धक भोजन लें।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पर्याप्त रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए विटामिन सी से भरपूर फल और सब्जियां खाएं। गर्म तरल पदार्थ नियमित रूप से पीएं, इससे ठंड से लड़ने के लिए शरीर की गर्मी बनी रहेगी। बुजुर्ग लोगों, नवजात शिशुओं तथा बच्चों का विशेष ध्यान रखें। ऐसे पड़ोसी जो अकेले रहते हैं, विशेषकर बुजुर्ग लोगों का हाल चाल पूछते रहें। जरूरत के अनुसार ही रूम हीटर का प्रयोग करें, लेकिन रूम हीटर के प्रयोग के दौरान पर्याप्त हवा निकासी का प्रबंध रखें। बंद कमरों में कोयले को जलाना खतरनाक हो सकता है। क्योंकि यह कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस पैदा करती है। शराब का सेवन न करें, यह शरीर की गर्माहट को कम करता है, यह खून की नसों को पतला कर देता है, विशेषकर हाथों से जिसमें हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है।

उपायुक्त उत्तम सिंह ने अधिकारियों को दिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश
सर्दी के दौरान जरूरतमंद व असहाय लोगों की मदद को लेकर उपायुक्त उत्तम सिंह ने अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने अतिरिक्त उपायुक्त, सीईओ डीआरडीओ, सभी एसडीएम, सीटीएम, सिविल सर्जन, तहसीलदार, सभी नायब तहसीलदार, जिला रेडक्रॉस सोसायटी सचिव तथा शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या अन्य सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करें और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सामाजिक संगठनों तथा स्वयं सेवी संस्थाओं से सहयोग लें। इसके साथ ही उपायुक्त ने कृषि तथा किसान कल्याण विभाग व पशुपालन विभाग को भी निर्देश दिए है कि वे किसानों, पशुपालकों को सर्दी के मौसम में फसलों, पशुओं आदि के बचाव को लेकर जागरूक करें।

उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों को जागरूक करें कि शीत लहर और कड़ाके की सर्दी से फसलों को नुकसान पहुंचाता है, जिससे काली जंग, सफेद जंग, लेट ब्लाइट आदि रोग हो सकते हैं। शीतलहर अंकुरण, वृद्धि, फूल, उपज और भंडारण जीवन में कई तरह की शारीरिक रुकावटें भी पैदा करती है। उन्होंने पशु डॉक्टरों को निर्देश दिए कि पशुओं को सर्दी से बचाव व उनकी देखभाल के लिए पशुपालकों को जागरूक करें।  शीत लहर के दौरान पशुओं और पशुधन को जीवन यापन के लिए अधिक भोजन की आवश्यकता होती है क्योंकि ऊर्जा की आवश्यकता बढ़ जाती है। रात के समय पशुओं के आवास को सभी तरफ से ढक दें ताकि ठंडी हवाओं के सीधे संपर्क में आने से बचा जा सके। पशुधन और मुर्गी को ठंड के मौसम से बचाव के लिए उन्हें अंदर रखें। सर्दियों के दौरान पशुओं के नीचे सूखे भूसे जैसी कुछ बिस्तर सामग्री डालें। पोल्ट्री में, पोल्ट्री शेड में कृत्रिम प्रकाश प्रदान करके चूजों को गर्म रखें।

भाजपा अन्तोदय की भावना से कर रही हर वर्ग के लोगों की सेवा- योगेन्द्र राणा

असंध विधानसभा के चारों मंडलों के मंडल अध्यक्षों का हुआ चुनाव

करनाल / असंध 18  जनवरी – आज जुंडला मार्केट कमेटी में असंध विधायक योगेन्द्र राणा की देखरेख में भाजपा के असंध विधानसभा के चारों मंडलों के अध्यक्षों का चुनाव सम्पन्न हुआ जिसमें जुंडला मंडल से सुलेंदर कुमार बल्ला मंडल से जय भगवान जांगड़ा ,असंध मंडल से हिमांशु छाबड़ा एवं जलमाना मंडल से विजय राणा को मंडल अध्यक्ष चुना गया।

             इस मौके पर असंध विधायक योगेन्द्र राणा ने सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका निर्वाचन और आपका नव दायित्व आप सभी की संगठन के प्रति अद्वितीय सेवा जज्ब़ा, समर्पित और अनुशासन के साथ-साथ भाजपा के मूलमंत्र‘राष्ट्र प्रथम , संकल्प की प्रतिबद्धता में सार्थक प्रयासों का प्रतिफल है और मुझे दृढ़ भरोसा है कि आप सभी इस जिम्मेदारी का कुशलता से निर्वहन करते हुए भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के बलबूते पर संगठन में आगे बढ़ने का मौका मिलता है।  भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान मिलता है।

   उन्होंने कहा कि भाजपा का एक ही उद्देश्य है कि अंत्योदय की भावना से हर वर्ग के लोगों की सेवा करना। भाजपा ने अपनी मजबूत संगठनात्मक कार्यशैली से जनता में विशेष पहचान बनाई है। पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं जिनकी देशवासियों ने कल्पना भी नहीं की थी।

     इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजय राणा, जिला महामंत्री सुनील गोयल, जय भगवान सिकरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र नरवाल, अमित राणा, बलकार सिंह, राम अवतार जिंदल, अजीत राणा, यादविन्द्र आहुजा, भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता सतपाल जैन, हरि कृष्ण अरोडा, माया राम, बृज टक्कर, ब्लॉक समिति चेयरमैन सतीश दादुपुर, पूर्व चेयरमैन दीपक छाबडा, सोशल मीडिया जिला प्रमुख बब्बू मंजूरा, सुशील गौतम, राजबाला, मंडल महामंत्री सुभाष राणा, सुशील शर्मा, सुरेश जलमाना, प्रवीन नरवाल, कवंरपाल राणा, जोगिन्द्र पांचाल सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कृषि विभाग प्रगतिशील किसानों व युवाओं को नि शुल्क  देगा ड्रोन पायलट बनने का प्रशिक्षण—वजीर सिंह

करनाल 18 जनवरी।      कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक  वजीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा 2024-25 के लिए 18-45 आयु वर्ग तक के किसानों और बेरोजगारों युवाओं को ड्रोन पायलट बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके लिए 20 जनवरी 2025 से 05 फरवरी 2025 तक विभागीय पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर आर्नेलाईन आवेदन आमत्रित किये गये है। इसके लिए हरियाणा राज्य से कुल लक्ष्य 500 के विपरीत 267 किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है व कुल 233 किसानों को प्रशिक्षण दिया जाना बाकी है। यह प्रशिक्षण बिना कोई शुल्क लिये दिया जायेगा। इच्छुक किसान/युवा अपना आवेदन भर सकता है। इसके लिए कुछ नियम व शर्ते लागू की गई है।

योग्यता अनुसार ये रहेंगे मानदंड
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक  वजीर सिंह ने बताया कि  प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी का चयन योग्यता अनुसार किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए किसान/युवा 18-30 आयु वर्ग का हो जिसके 25 नम्बर निर्धारित किए गए है।अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता कम से कम दसवीं पास होना जरुरी है। जिसके 40 नम्बर निर्धारित किए गए है। कस्टम हायरिंग सेन्टर / एफ०पी०ओ० के अनुभव के दस नम्बर अलग से दिये जायेगे। इसके साथ ही कृषि कार्य में अनुभव के लिये भी 04 कैटेगरी भी बनाई गई है जिसमें कुल 25 नम्बर रखे गये है। अभ्यर्थी के पास पी०पी०पी० आई-डी/वैध पासपोर्ट अनिवार्य।

उप कृषि निदेशक ने किसानों व बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे सरकार द्वारा चलाए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढचढ कर भाग ले व ड्रोन का प्रशिक्षण पाकर आधुनिक खेती को करे जिससे खर्चा व श्रम को बचाने में योगदान दे। इस सम्बंध में अधिक जानकारी के लिए अपने गांव के कृषि विकास अधिकारी / खण्ड कृषि अधिकारी/उप मंडल कृषि अधिकारी / सहायक कृषि अभियन्ता / उप कृषि निदेशक कार्यालय से सम्पर्क कर सकते है।

कुंभ नगरी पहुंच संगम स्नान करेंगे विधान सभा अध्यक्ष
हरविन्द्र कल्याण ने सभी विधायकों को भेजा न्योता

करनाल, 18 जनवरी- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण 7 फरवरी को कुंभ नगरी प्रयागराज पहुंच संगम स्नान करेंगे। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के विधायकों को भी निमंत्रण भेजा है।
विधान सभा अध्यक्ष की ओर से प्रदेश के विधायकों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अगर वे कुंभ में शामिल होने के इच्छुक हैं तो 20 जनवरी तक अपनी सहमति विधान सभा सचिवालय को भिजवा दें। विधायकों को यात्रा का खर्च स्वयं वहन करना होगा।
विधान सभा सचिवालय विधायकों के लिए प्रयागराज में व्यवस्था प्रदान करने में सहयोग करेगा। हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि आध्यात्मिक दृष्टि से कुंभ भारतीय संस्कृति का बड़ा पर्व है। महाकुंभ में लाखों श्रद्धालु इस पावन स्नान के लिए पहुंचते हैं।

हरविन्दर कल्याण बने एआईपीओसी की स्थायी समिति के सदस्य


करनाल, 18 जनवरी- 
हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष हरविन्दर कल्याण को अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन (एआईपीओसी) की स्थायी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। देशभर के पीठासीन अधिकारियों की यह सर्वोच्च संस्था है। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला इसके पदेन अध्यक्ष और राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश उपाध्यक्ष हैं। लोक सभा का एक उपाध्यक्ष भी इस समिति के पदेन उपाध्यक्ष होते हैं। इनके अलावा देश भर के विधान मंडलों से 7 अध्यक्षों को समिति में बतौर सदस्य शामिल किया जाता है। लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह इस समिति के सचिव हैं।
हाल ही में सिक्किम विधान सभा के अध्यक्ष अरुण कुमार उप्रेती द्वारा अपना पद त्यागने के कारण खाली हुए स्थान पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्दर कल्याण को सदस्य मनोनीत किया है। उनका मनोनयन 17 जनवरी, 2024 से हुआ है। इस संबंध में लोक सभा सचिवालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
गौरतलब है कि कल्याण 25 अक्तूबर 2024 में पहली बार विधान सभा अध्यक्ष बने हैं और मात्र तीन माह में संस्था की स्थायी समिति का सदस्य बनना उनके लिए गर्व की बात है। कल्याण ने इसके लिए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन की स्थायी समिति के सदस्य के तौर पर उनसे जो भी अपेक्षाएं होंगी, वे उन पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि स्थायी समिति के नियमों के अनुसार 7 पीठासीन अधिकारी इसके सदस्य होते हैं। इनमें बड़े राज्यों के विधानमंडलों से 5 और 100 से कम सदस्यों वाले छोटे राज्यों के विधानमंडलों से 2 पीठासीन अधिकारी होते हैं।
पीठासीन अधिकारी वार्षिक सम्मेलन की तारीखें और स्थान तय करना स्थायी समिति के कार्य हैं। यही समिति पीठासीन अधिकारी वार्षिक सम्मेलन के लिए एजेंडे, कार्यक्रम और विषय को अंतिम रूप देती है। एआईपीओसी ऑर्गनाइजेशंस से संबंधित विषय, पारित प्रस्तावों का फॉलोअप, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संवैधानिक तथा संसदीय मामले भी यह समिति कार्य करती है।
Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button