
Haryana News: हरियाणा की आज की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
Haryana News: हरियाणा की आज की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
नौकरियां बेचने वालों को जनता ने दिखाया आईना: मुख्यमंत्री नायब सैनी
आज गरीब के बच्चे का सिर ऊंचा हुआ, बिना पर्ची-बिना खर्ची के मूल मंत्र से प्रदेश में बदला माहौल- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गन्नौर में गुप्ति धाम पहुंचकर गुप्ति सागर महाराज से लिया आशीर्वाद
विपक्ष के झूठे प्रचार को प्रदेश के मतदाताओं ने दिया करारा जवाब
प्रदेश में जल्द एक लाख लोगों को प्लॉट देगी हरियाणा सरकार – मुख्यमंत्री
चडीगढ़, 13 जनवरी –हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान विपक्ष द्वारा झूठ की राजनीति करते हुए वोटों के बदले नौकरी देने का प्रचार किया गया, लेकिन प्रदेश की जनता ने नौकरियां बेचने वालों को आईना दिखाते हुए कमल खिलाने का काम किया। आज प्रदेश में गरीब का बच्चा अपनी मेहनत के बूते पर सफल हो रहा है, क्योंकि भाजपा के बिना पर्ची-बिना खर्ची के मूल मंत्र से माहौल बदला है।
मुख्यमंत्री सोमवार को जिला सोनीपत के गन्नौर स्तिथ गुप्तिधाम परिसर में राष्ट्रसंत, महायोगी, उपाध्यायश्री डॉ गुप्तिसागर गुरुदेव द्वारा आयोजित अभिनन्दन सम्मान समारोह में पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने जैन समाज के सन्तों का आशीर्वाद लिया और आमजन को लोहड़ी और मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी। उन्होंने गुप्ति धाम के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुप्ति सागर जी महाराज के आशीर्वाद से और जनता के सहयोग से हरियाणा में नॉनस्टॉप तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले 10 वर्षों में हरियाणा सरकार ने प्रदेश का लगातार विकास किया है। राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को आगे बढ़ाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने शपथ ग्रहण से पहले 24,000 युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची नौकरी देने का काम किया। आज गरीब परिवार का बच्चा भी हरियाणा सरकार में बड़े पदों पर नौकरी लग रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही हमने लोगों के कल्याण के लिए कई निर्णय लिए। किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की मुफ्त सुविधा शुरू की। इसके अलावा, लंबे समय से पंचायत भूमि पर मकान बनाकर रहने वाले लोगों को कलेक्टर रेट लेकर जमीन का मालिकाना हक देने के लिए विधानसभा में बिल पास किया। उन्होंने कहा कि बीते 10 साल में हरियाणा में मजबूती से विकास कार्य हुए हैं। वर्तमान सरकार गरीब हित मे काम कर रही है।
जनता ने झूठ की राजनीति को झुठला कर खिलाया कमल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले जिस अव्यवस्था का माहौल प्रदेश में था, विपक्ष के नेता उसी प्रकार का माहौल इस बार भी कायम करना चाहते थे। लेकिन हरियाणा की जनता ने झूठ की राजनीति करने वाली इस सोच को हराकर करारा जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर हमें जन सेवा का मौका दिया है।
प्रदेश में जल्द एक लाख लोगों को प्लॉट देगी हरियाणा सरकार
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हर सिर पर छत मुहैया करवाने के अपने वायदे के अनुसार प्रदेश में जल्द ही एक लाख गरीब लोगों को प्लॉट प्रदान किए जाएंगे, इसके लिए सरकार ने पूरी योजना तैयार करी ली है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा 100-100 वर्ग गज के प्लाट देने की केवल घोषणाएं की गई, लेकिन गरीबों को न तो कोई कागज दिए गए, न ही प्लॉट का कब्जा दिया गया। उन लोगों की पीड़ा को समझते हुए वर्तमान राज्य सरकार ने लोगों को प्लॉटों की रजिस्ट्री और कब्जा देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की राह पर अग्रसर – राष्ट्रसंत डॉ गुप्तिसागर
इस मौके पर राष्ट्रसंत डॉ गुप्तिसागर जी गुरुदेव ने कहा कि आज मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरा हरियाणा विकास की राह पर अग्रसर है। उनकी सकारात्मक सोच व अच्छी नीतियों के चलते हरियाणा प्रदेश और ज्यादा उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होगा, ऐसा मेरा आशीर्वाद और विश्वास है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि साधु संतों का आशीर्वाद हमेशा जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि संतों का संग हमेशा अच्छे और बुरे में भेद करता है, जिससे हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।इस अवसर पर गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान, खरखोदा से विधायक पवन खरखोदा, सोनीपत से विधायक निखिल मदान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने लोहड़ी एवं मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं दी
– संक्रांति का पर्व प्रकृति में परिवर्तन का प्रतीक है – राज्यपाल
चंडीगढ़, 13 जनवरी – हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने देश और प्रदेशवासियों को लोहड़ी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख एवं समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में त्यौहारों का बहुत महत्व है। त्यौहार हमारे देश की अनेकता में एकता का प्रतीक हैं। संक्रांति का त्यौहार हरियाणा प्रदेश के साथ – साथ तेलुगु लोगों के लिए भी खास है। संक्रांति तिल और गुड़ के साथ मनाई जाती है। तिल प्रेम का प्रतीक है और गुड़ मिठास का प्रतीक है।
राज्यपाल ने मकर संक्रांति के बारे में बताते हुए कहा संक्रांति का पर्व प्रकृति में परिवर्तन का प्रतीक है। सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर बढ़ता है और अंधकार को दूर करता है। यह वह समय है जब प्रकृति में गर्मी और रोशनी बढ़ जाती है, जो विकास का संकेत है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व हरियाणा में सकरांत के रूप में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। यह पर्व हरियाणा में बेटी के सम्मान और बुजुर्गों के आशीर्वाद का प्रतीक है। इस दिन सभी लोग अपने बड़े बुजुर्गों को सम्मान स्वरूप शॉल व चद्दर भेंट करते है और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते है।
राज्यपाल ने कहा कि त्यौहारों का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। पर्व – त्यौहार हमारे जीवन को रंगों और उत्साह से भर देते हैं और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। इससे लोगों के दिलों से द्वेष दूर होता है और भाईचारे का भाव बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व तमिलनाडु में पोंगल, गुजरात में उत्तरायण, असम सहित उत्तर – पूर्व में बिहू के रूप में मनाया जाता है इसलिए यह त्यौहार भारत की अनेकता में एकता को प्रमाणित करता है।
युवा शक्ति के संघर्ष, अनुभव और सुझाव हरियाणा के बजट में आएंगे नजरः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में युवाओं से बजट पूर्व परामर्श पर किया सीधा संवाद, करीब एक घंटा युवा शक्ति से की बजट पर चर्चा
सुपर 100, स्टार्टअप से जुड़े युवाओं व युवा उद्यमियों ने बजट पर दिए सुझाव
चंडीगढ़, 13 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा का आगामी बजट हर नागरिक के लिए खुशहाली और हर वर्ग के कल्याण का बजट होगा। बजट के लिए प्रदेश के हर वर्ग और हर व्यक्ति से सुझाव लिए जा रहे हैं। युवा शक्ति के संघर्ष, अनुभव और बेहतरीन सुझाव भी हरियाणा के बजट में नजर आएंगे।
मुख्यमंत्री सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में युवाओं के साथ आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक (प्री बजट कंसल्टेशन) की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मौके पर खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को लोहड़ी और मकर सक्रांति पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की सोच है कि आने वाला बजट हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख लोगों की अपेक्षाओं और आशाओं पर खरा उतरे तथा आमजन के लिए खुशहाली लेकर आए। उन्होंने कहा कि आज सुपर 100, स्टार्टअप से जुडे़ युवाओं तथा युवा उद्यमियों ने बजट पर बहुमूल्य सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में भी युवाओं से जो सुझाव लिए गए थे उन सुझावों को बजट में शामिल किया गया। इस बार प्रदेश के आम नागरिकों से भी सुझाव लेने के लिए पोर्टल लॉन्च किया गया है। इस पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति किसी भी क्षेत्र या विषय पर अपना सुझाव दे सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्टार्टअप जैसे कार्यक्रमों से देश की युवा शक्ति को आगे बढ़ाने का काम किया। इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवा शक्ति तेज गति के साथ दुनिया के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। इस बजट में युवाओं को लाभ मिले और युवा शक्ति प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे सके, इसलिए युवाओं को फोकस रखकर सुझाव लिए गए हैं।
युवा शक्ति से की अपील मुख्यमंत्री की सुने बजट स्पीचः राजेश खुल्लर
मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस बार बजट के लिए एक नई पहल की है। हरियाणा के आगामी बजट के लिए इस बार प्रदेश के साथ-साथ अन्य नागरिक भी ऑनलाइन माध्यम से अपने सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने युवा शक्ति से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जिस दिन बजट सत्र में बजट पर अपनी स्पीच देंगे उस स्पीच को अवश्य सुनें।
सरकार ने पिछले बजट में 407 सुझावों को किया था शामिलः अनुराग रस्तोगी
वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछले 5 वर्षो के बजट में आमजन के 407 सुझावों को शामिल किया है। इसी कड़ी में इस वर्ष छठें बजट में भी आमजन के सुझाव शामिल किए जाएंगे।
बैठक में इंडस्ट्री पार्टनर में हीरो मोटर लिमिटेड, इसजैक कम्पनी, यमुनानगर, आईडीआर की ओर से प्रतिनिधियों ने कौशल विकास एवं बेहतर अवसर को लेकर इंडस्ट्री एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय का सुझाव दिया।बैठक में पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु भर्ती के लिए 27 जनवरी तक करें ऑनलाइन आवेदन
चंडीगढ़ , 13 जनवरी – भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अग्निपथ स्कीम के तहत होने वाली इस भर्ती के लिए आवेदन 27 जनवरी 2025 तक स्वीकार किए जाएंगे।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://agnipathvayu.cdac.in/AV/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु एक जनवरी 2005 से एक जुलाई 2008 के बीच होनी चाहिए। ये भर्ती अविवाहित पात्रों के लिए निकाली गई है। इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैथिमेटिक्स, फिजिक्स और इंग्लिश विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास होना चाहिए या 2 वर्षीय वोकेशनल कोर्स या 3 वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा पास होना आवश्यक है। साइंस स्ट्रीम के अलावा, अन्य संकाय के कैंडिडेट्स भी अप्लाई कर सकते है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी डिटेल्स में शैक्षणिक योग्यता की जांच करने के लिए पोर्टल पर नोटिफिकेशन देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले उम्मीदवारों को अपनी मेल आईडी और अन्य विवरणों का उपयोग करके आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग करके साइन इन करें। आवेदन पत्र में उल्लिखित सभी विवरण जैसे व्यक्तिगत, शैक्षिक और अन्य भरें। फॉर्म में निर्दिष्ट सभी आवश्यक दस्तावेजों को एक फोटो और हस्ताक्षर के साथ अपलोड करें। परीक्षा के लिए शहर का चयन करें। आवेदन शुल्क का भुगतान करें। भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र को डाउनलोड करें।
चंडीगढ़ , 13 जनवरी – उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा कल 14 जनवरी को सुबह 11.30 बजे से अधीक्षण अभियंता, पंचकूला के कार्यालय, एससीओ नंबर-96, पहली मंजिल, सेक्टर-5, पंचकूला में शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।
निगम के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस अवसर पर पंचकूला जिले के उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी , जिनमें मुख्यतः बिलिंग, वोल्टेज, मीटरिंग से सम्बंधित शिकायतें, कनैक्शन काटने और जोड़ने बिजली आपूर्ति में बाधाएं, कार्यकुशलता, सुरक्षा, विश्वसनीयता में कमी और हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के आदेशों की अवहेलना आदि शामिल हैं
प्रदेश सरकार गौ संवर्धन की दिशा में कर रही है अहम काम : रणबीर गंगवा
कैबिनेट मंत्री ने गांव पंघाल स्थित गौशाला के वार्षिक समारोह में की शिरकत
चंडीगढ़ , 13 जनवरी – हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा सरकार गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन पर पूरा जोर दे रही है। गौशालाओं के विकास के लिए और इनमें पशुओं के रखरखाव के लिए अनेक योजनाएं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण गाय के गोबर से बनने वाली वाली खाद पर आधारित खेती करें, ताकि कीटनाशकों के चल रहे अंधाधुंध इस्तेमाल पर रोक लग सके, साथ ही प्राचीन पद्धति के अनुसार हम सभी को ऑर्गेनिक अनाज प्राप्त हो सके।
श्री गंगवा ने यह बात ने हिसार जिला के गांव पंघाल स्थित गौशाला के वार्षिक समारोह में उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कही।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने गौशाला के निर्माण कार्यों के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के बाद श्री रणबीर गंगवा ने आमजन की जन समस्याएं भी सुनी और उनके निपटारे बाबत संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। उन्होंने उपस्थितजनों को लोहड़ी एवं मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार गौ-सेवा के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में रखी जा रही सभी गायों की जानकारी का रजिस्ट्रेशन करवाना चाहिए। सरकार द्वारा गायों के रजिस्ट्रेशन पर ही बजट उपलब्ध करवाने का कार्य किया जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा जो वादे किए जाते हैं उनको पूरा करने का भी काम करती हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार इस दिशा में लगी हुई है कि कैसे अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक भी सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच पाएं। बात चाहे युवाओं की हो या दूसरे वर्ग की, हर वर्ग को ख्याल में रख कर ही सरकार ने योजनाएं बनाई है। इसी के तहत बिना पर्ची बिना खर्ची युवाओं को नौकरियां देकर सरकार ने मिसाल बनने का काम किया है।
25 जनवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस
‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम‘ रहेगा थीम
चंडीगढ़ 13 जनवरी-हरियाणा में 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इसके दौरान सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम‘‘ की थीम के साथ वाद-विवाद, चर्चा और ड्राइंग, स्किट, गीत, पेंटिंग, निबंध आदि सहित) जैसी प्रतियोगिताओं का संचालन करवाया जाएगा।
इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी द्वारा सभी विभागों के प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों, निगमों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के प्रबंध निदेशकों, उपायुक्तों और सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों तथा रजिस्ट्रार को एक पत्र लिखा गया है।
पत्र में कहा गया है कि भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा अपने स्थापना दिवस को राष्ट्रीय मतदाता घोषित किया गया है। यह दिन हर साल 25 जनवरी को मतदान केंद्र के स्तर से लेकर ब्लॉक, विधानसभा क्षेत्र, जिला और राज्य स्तर तक पूरे देश में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में मतदाता के रूप में शामिल करवाने के लिए जन-साधारण के बीच जागरूकता फैलाना है। साथ ही, इसका उद्देश्य विभाग द्वारा विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी एजेंसियों के सहयोग से स्कूली और कॉलेज छात्रों द्वारा खंड, जिला और राज्य स्तर पर रंगोली बनाने, निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिताओं, रैलियां, परेड टुकड़ियां, नुक्कड़ नाटक आदि जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करके चुनावी भागीदारी को बढ़ावा देना भी है।
पत्र में प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों से कहा गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ, “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए, यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे’ भी दिलवाएं।
पत्र के अनुसार ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस‘ का लोगो मतदान के महत्व को दर्शाता है, इसलिए इसका उपयोग आधिकारिक स्टेशनरी, माल, वेबसाइटों आदि पर भी किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि गतिविधियों की तस्वीरें हैशटैग #NVD2025 का उपयोग करके अपने संबंधित सोशल मीडिया हैंडल या वेबसाइट, जहां भी संभव हो, पर अपलोड की जा सकती हैं। इस सम्बन्ध में ईमेल (hry_elect@yahoo.com) के माध्यम से कार्यालय रिकॉर्ड के लिए तस्वीरों के साथ एक्शन टेकन रिपोर्ट भी भेजी जाए।
पत्र में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के भाग के रूप में या इसके दौरान सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम‘‘ की थीम के साथ वाद-विवाद, चर्चा और ड्राइंग, स्किट, गीत, पेंटिंग, निबंध आदि सहित) जैसी प्रतियोगिताओं का संचालन करवाया जाए।
चंडीगढ़ , 13 जनवरी – महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज द्वारा चौ. रणबीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल एंड इकोनॉमिक चेंज में ग्लोबल इनिशिएटिव ऑफ एकेडमिक नेटवर्क (ज्ञान) के तहत- प्रबंधकीय दक्षता और उत्पादकता मापन: सिद्धांत और व्यवहार विषय पर आयोजित पांच दिवसीय ज्ञान पाठ्यक्रम संपन्न हो गया।
इस कोर्स के आखिरी दिन दीनबंधु चौ. छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि, मुरथल के प्रो. मनोज दूहन ने मशीन लर्निंग और डीप लर्निंग बारे विशेष व्याख्यान दिया। प्रो. दुहन ने कहा कि कहा कि मशीन लर्निंग (एमएल) और डीप लर्निंग (डीएल) न्यूरल नेटवर्क के एकीकरण ने व्यावसायिक संचालन में क्रांति ला दी है, जिससे विभिन्न डोमेन में दक्षता बढ़ी है।
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे ये प्रौद्योगिकियां संगठनों को प्रक्रियाओं को स्वचालित करने, संसाधन उपयोग को अनुकूलित करने और डेटा-संचालित निर्णय लेने में सक्षम बनाती हैं। इसके अलावा, उन्होंने आधुनिक प्रबंधन पाठ्यक्रम में विकासवादी कंप्यूटिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और गहन शिक्षा जैसे ज्ञान क्षेत्रों को शामिल करने की वकालत की, क्योंकि आज के डेटा-संचालित वातावरण में निर्णय लेने, अनुकूलन और जटिल व्यावसायिक परिदृश्यों को समझने के लिए उनकी प्रासंगिकता बढ़ रही है।
जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए शिकायतों का निवारण करें अधिकारी: राव नरबीर सिंह
– फरीदाबाद में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह
चंडीगढ़ , 13 जनवरी – हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जनता के प्रति अधिकारी जवाबदेह बनते हुए लोगों की समस्याओं का निवारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें ताकि लोगों को बेवजह के कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
वे सोमवार को फरीदाबाद में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। समिति की बैठक में कुल 18 परिवाद रखे गए जिनमें से 12 परिवादों का निदान तत्परता से किया गया और शेष छह परिवाद के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने बैठक में जिला के लोगों को नव वर्ष सहित लोहड़ी व मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार जनसेवा को समर्पित होकर समाज के हर वर्ग के उत्थान का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य कर रही है।
परिवेदना समिति की बैठक में परिवादों की सुनवाई करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन शिकायत आने पर समाधान की दिशा में कदम उठाएं और किसी भी फाइल पर बार-बार ऑब्जेक्शन लगाने की अपेक्षा एक बार ही परिवादी को निर्धारित नियमों की जानकारी दें और शिकायतों का निदान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते हुए लोगों को उनके शिकायत का स्टेटस बताते हुए संतुष्टि प्रदान की जाए। उन्होंने बैठक में सिविल सर्जन व पुलिस आयुक्त से संबंधित रखे एक परिवाद में सुनवाई करते हुए शिकायतकर्ता की मांग पर एडीसी की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन कर परिवादी को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं एक अन्य परिवाद में उद्योग मंत्री ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए स्टेट क्राइम ब्रांच को रेफर करने के आदेश दिए। जिला वरिष्ठ नगर योजनाकार से संबंधित एक परिवाद में सुनवाई करते हुए उद्योग मंत्री ने डब्लूटीसी क्षेत्र में संबंधित तहसीलदार को उक्त निर्धारित क्षेत्र में कोई रजिस्ट्री न करने के आदेश दिए।इस अवसर पर विधायक श्री मूलचंद शर्मा, विधायक श्री धनेश अधलेखा, विधायक श्री सतीश फागना, विधायक श्री रघुबीर सिंह तेवतिया भी उपस्थित थे।
वर्ष 2030 तक राज्य के हर युवा को हुनरमंद बनाना सरकार का लक्ष्य- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
जिला अंबाला के गांव कड़ासन में स्वामी विवेकानन्द उत्थान समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की शिरकत
मुख्यमंत्री ने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी करने का किया आह्वान
चंडीगढ़, 13 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर चलते हुए युवाओं के सपने को साकार कर रही है। हमारी सरकार ने युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां देने का काम किया है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक राज्य का हर युवा हुनरमंद बने और वित्तीय रूप से समृद्ध हो। इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कई योजनाएं बनाकर कारगर कदम उठाये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री सोमवार को जिला अंबाला के गांव कड़ासन में स्वामी विवेकानन्द उत्थान समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्द जी की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और हवन यज्ञ में पूर्ण आहुति डाली। इस मौके पर स्वामी विवेकानन्द उत्थान समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर उनका अभिनंदन किया।
श्री नायब सिंह सैनी ने देश व प्रदेशवासियों को लोहड़ी एवं मकर संक्रांति पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा देश तीज और त्योहारों का देश है, जिसमें प्रत्येक पर्व का अपना एक विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और गौरव को विश्व में पहुंचाने का कार्य स्वामी विवेकानंद जी ने किया था।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं, इसलिए उनकी जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से राजनीति में भागीदारी करने का किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में हमारी सरकार ने बिना पर्ची-खर्ची के 1 लाख 71 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से भी युवाओं को न केवल रोजगार दिया है बल्कि उनके रोजगार की सुरक्षा भी सुनिश्चित की है। उन्होंने युवाओं से राजनीति में भागीदारी करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं से आह्वान किया है कि उन्हें सक्रिय राजनीति में आगे आना चाहिए, क्योंकि युवा इस देश का भविष्य हैं।
काफिला रुकवाकर मुख्यमंत्री ने सुनी लोगों की समस्याएं
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान रास्ते में काफिला रुकवाकर ग्रामीणों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को भी सुना। इस दौरान बिजली से जुड़ी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को समस्या के निवारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को अपने बीच पाकर बुजुर्ग प्रफुल्लित नजर आए और मुख्यमंत्री ने भी बुजुर्गों से आर्शीवाद प्राप्त किया।इस मौके पर उपायुक्त श्री पार्थ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

