हरियाणा

लिव-इन का खौफनाक अंजाम! करनाल में युवक के घर पर हथियारों से हमला, माता-पिता को पीटा; युवती को जबरन उठा ले गए आरोपी

हरियाणा के करनाल जिले में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर खड़ा विवाद अब खून-खराबे और अपहरण तक पहुंच गया। नीलोखेड़ी इलाके में एक युवक के घर पर लड़की पक्ष के लोगों ने सुनियोजित तरीके से धावा बोल दिया। आरोप है कि हथियारों से लैस 10 से ज्यादा हमलावर घर में घुसे, युवक और उसके बुजुर्ग माता-पिता को बेरहमी से पीटा और फिर युवती को जबरन अपने साथ ले गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार सदमे और डर में जी रहा है।

पहले दी थी जान को खतरे की चेतावनी

पीड़ित युवक अजय ने बताया कि वह असंध इलाके की एक युवती के साथ लंबे समय से रिश्ते में था। दोनों बालिग हैं और शादी करना चाहते थे। परिवार की असहमति के चलते दोनों ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का फैसला किया था।

अजय के मुताबिक, युवती के परिजन लगातार धमकियां दे रहे थे। हालात बिगड़ते देख 31 दिसंबर 2025 को दोनों महिला थाने में डीएसपी के सामने पेश हुए और अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी। पुलिस ने उन्हें कुछ समय के लिए सेफ हाउस में रखा, लेकिन बाद में सुरक्षा हटा ली गई।

सुरक्षा हटते ही हमला

सुरक्षा हटने के बाद दोनों नीलोखेड़ी में किराए के मकान में रहने लगे। अजय का कहना है कि उन्हें लगा था अब हालात सामान्य हो जाएंगे, लेकिन 15 जनवरी की शाम सब कुछ बदल गया।

आरोप है कि शाम के समय युवती पक्ष के 10-11 लोग हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। बिना कुछ कहे हमला शुरू कर दिया गया। अजय और उसके माता-पिता को लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से पीटा गया। घर में चीख-पुकार मच गई।

माता-पिता को भी नहीं छोड़ा

हमलावरों ने बुजुर्ग माता-पिता पर भी रहम नहीं किया। घायल हालत में माता-पिता जमीन पर गिर पड़े। इसी अफरा-तफरी के बीच आरोपी युवती को जबरन घसीटते हुए अपने साथ ले गए और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित परिवार का कहना है कि हमला इतना अचानक और हिंसक था कि वे कुछ समझ ही नहीं पाए।

अपहरण और मारपीट का केस दर्ज

घटना की सूचना मिलने के बाद बुटाना थाना पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि अजय की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों समेत कई अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामले में मारपीट, हथियारों से हमला, जबरन घर में घुसना और युवती के अपहरण जैसी धाराएं शामिल की गई हैं। पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

इलाके में तनाव, परिवार दहशत में

घटना के बाद से पीड़ित परिवार डर के साए में है और दोबारा सुरक्षा की मांग कर रहा है। वहीं, इस वारदात ने एक बार फिर समाज में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बढ़ती हिंसा और असहिष्णुता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और युवती को सुरक्षित बरामद किया जाएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button