
भाखड़ा नहर में कूदकर महिला ने दी जान, हरियाणा में मिला शव
पटियाला/राजपुरा। पंजाब के राजपुरा क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता महिला ने कथित घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला पिछले कई दिनों से लापता थी, और अब उसका शव हरियाणा सीमा में भाखड़ा नहर से बरामद होने के बाद इस मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

मृतका की पहचान अमन कौर के रूप में हुई है, जो राजपुरा की रहने वाली थी और दो बच्चों की मां थी। परिजनों के अनुसार अमन कौर 13 जनवरी से घर से लापता थी। लगातार तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन पहले ही किसी अनहोनी की आशंका जता रहे थे, जो अब सच साबित हो गई।
14 साल पुरानी शादी, लगातार तनाव और कलह
सिविल अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बदहवास हालत में अमन कौर की मां मनजीत कौर ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 14 वर्ष पहले गांव साहल निवासी बलकार सिंह के साथ हुई थी। इस दंपति के दो बच्चे हैं—एक 13 साल का और दूसरा 9 साल का। मनजीत कौर का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों से ही अमन कौर को ससुराल में मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। हालात बिगड़ने पर कई बार रिश्तेदारों और पंचायत के माध्यम से समझौते कराने की कोशिश भी की गई, लेकिन हर बार कुछ समय बाद विवाद फिर शुरू हो जाता था। ससुराल पक्ष के व्यवहार में कभी स्थायी सुधार नहीं आया।
प्रताड़ना से टूट चुकी थी अमन कौर
परिजनों का कहना है कि लगातार तनाव और उत्पीड़न के चलते अमन कौर मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी। इसी पीड़ा के चलते उसने 13 जनवरी को घर छोड़ दिया और कथित तौर पर भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। परिवार का आरोप है कि अगर समय रहते ससुराल वालों का रवैया बदला होता, तो आज अमन कौर जिंदा होती।
हरियाणा में मिला शव, राजपुरा में पोस्टमार्टम
कई दिनों बाद अमन कौर का शव हरियाणा के अधिकार क्षेत्र में आने वाली भाखड़ा नहर से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजपुरा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस-प्रशासन का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी घनौर हरमनप्रीत चीमा सिविल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से करीब आधे घंटे तक बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उनके साथ थाना खेड़ी गंडिया के प्रभारी जयदीप शर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनके बयानों के आधार पर निष्पक्ष और गंभीर जांच की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के औपचारिक बयान दर्ज होने का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपी पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सवालों के घेरे में घरेलू प्रताड़ना
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाना समाज के लिए एक बड़ा और दर्दनाक संदेश है।


