हरियाणा

पशुधन मेले में किस्मत का खेल: लकी ड्रॉ में पंचकूला की रीता और पानीपत के ईश्वर को मिली बुलेट बाइक

कुरुक्षेत्र में चल रहे राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी एवं मेले के दूसरे दिन शनिवार को उत्साह अपने चरम पर रहा। मेले में पंजीकरण कराने वाले किसानों और पशुपालकों के बीच आयोजित लकी ड्रॉ ने कई चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। इस ड्रॉ में पंचकूला के गांव पिंजोर की रीता और पानीपत के गांव अदियाना के ईश्वर ने बुलेट मोटरसाइकिल जीतकर सबको खुश कर दिया। वहीं कुरुक्षेत्र के रतगल निवासी दक्ष के नाम भी एक मोटरसाइकिल निकली।

मिल्क मशीन से लेकर अन्य इनाम तक

लकी ड्रॉ में सिर्फ दोपहिया वाहन ही नहीं, बल्कि पशुपालकों के काम आने वाली मिल्क मशीनें भी दी गईं। इनाम पाने वालों में कुरुक्षेत्र के दयालपुरा की अनु रानी, सुनील कुमार और अंबाला के गांव छपरा के राजेंद्र शामिल रहे।

इसके अलावा अन्य उपयोगी इनाम (मदानी) जीतने वालों में कई जिलों के प्रतिभागी रहे, जिनमें कैथल के फतेहपुर निवासी सत्यवान, पानीपत के जोशी गांव के मांगे राम, यमुनानगर के काजीवास गांव के श्याम लाल, कुरुक्षेत्र के बरोट गांव के धर्मपाल, कैथल के कुतुबपुर के विकास, जींद के लोचब निवासी संजीव कुमार और पानीपत के जोगिंदर शामिल हैं।

“बिना बताए आई थी, इनाम मिल गया”

इनाम पाकर बेहद खुश अनु रानी ने बताया कि वह घर में किसी को बताए बिना ही पशुधन प्रदर्शनी देखने पहुंची थीं। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यहां आना उनके लिए इतना खास बन जाएगा।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

सभी विजेताओं को मौके पर ही पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन किसानों और पशुपालकों को नई तकनीक, जानकारी और प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उनके उत्साह को भी बढ़ाते हैं।

राज्य स्तरीय पशुधन मेले में लकी ड्रॉ की यह खुशियां मेले के माहौल को और भी रंगीन बना गईं और प्रतिभागियों के लिए यह अनुभव यादगार बन गया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button