
पंजाब में सामूहिक मौत से सनसनी: फाइनेंसर ने पत्नी व दो बेटियों की हत्या कर खुद दी जान, घर से मिले चार शव
पंजाब के फिरोजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। हरमन नगर कॉलोनी में रहने वाले एक फाइनेंसर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। चारों के शव घर के बेडरूम से बरामद किए गए हैं।

मृतक की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ माही सोढ़ी के रूप में हुई है, जो फाइनेंस और सैलून व्यवसाय से जुड़ा था। उसकी पत्नी जसवीर कौर और दो बेटियां—10 साल की मनवीर तथा 6 साल की परनीत—भी इस दर्दनाक घटना का शिकार हुईं।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह घर पर काम करने वाली सफाईकर्मी पहुंची। बार-बार दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसने ऊपर रहने वाले किराएदार को सूचना दी। किराएदार द्वारा फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं आया। किसी अनहोनी की आशंका के चलते पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर का भयावह दृश्य सामने आया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वारदात किन परिस्थितियों में हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परिवार मिलनसार और खुशहाल माना जाता था। पड़ोसियों ने बताया कि घटना से एक रात पहले ही परिवार को साथ में हंसते-मुस्कुराते देखा गया था। ऐसे में अचानक सामने आई इस त्रासदी ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि मामला पूरी तरह आत्महत्या से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण या साजिश छिपी है।


