हरियाणा

तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 3 की मौत

हरियाणा के सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। देर रात हुए इस हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रक ने लोडर टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, भदरौली गांव निवासी गजेंद्र अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने ट्यूबवेलपुरा गए थे। समारोह के बाद वह अपने परिजनों के साथ गुरुग्राम लौट रहे थे। उनके साथ उनके जीजा रामनिवास भी थे, जो अपनी पत्नी अर्चना और दो बच्चों के साथ बाइक पर चल रहे थे।

रास्ते में बच्चों को नींद आने पर रामनिवास ने पत्नी और बच्चों को गजेंद्र के लोडर टेंपो में बैठा दिया। रात करीब 2:30 बजे जैसे ही टेंपो सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयानक था कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में गजेंद्र की पत्नी चांदनी, तीन वर्षीय मृदुल और सरोज कांति की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं अर्चना, साक्षी, यशपाल, उसकी पत्नी प्रीति और अन्य चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है, जिसने एक ही पल में कई जिंदगियां उजाड़ दीं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button