
टोहाना में खेल विभाग के कर्मचारी के सूने मकान को बनाया निशाना, CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात
टोहाना की मास्टर कॉलोनी में चोरों ने बेखौफ होकर एक सरकारी कर्मचारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। खेल विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात सुरेश कुमार के घर हुई यह चोरी की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है।

पीड़ित सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सर्दी की छुट्टियों के चलते उनके बच्चे पानीपत के नैन गांव में अपनी नानी के घर गए हुए थे, जबकि वह स्वयं 7 जनवरी को ड्यूटी के बाद फतेहाबाद में रुक गए थे। अगले दिन 8 जनवरी को जब वह टोहाना स्थित अपने मकान पर पहुंचे, तो घर के मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले।
जांच में सामने आया कि चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान में सोने के टॉप्स, अंगूठियां, लॉकेट, बच्चों के गहने, चांदी की पाजेब, चुटकी, सिक्का और दो हजार रुपये नकद शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी करीब 35 मिनट तक मकान के अंदर रहा और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देता रहा। पीड़ित ने यह भी बताया कि चोर पहले पड़ोसी सुरेंद्र सिंह के घर में दाखिल हुआ था, लेकिन वहां कुछ हाथ न लगने पर उसने उनके मकान को निशाना बनाया।
सूचना मिलते ही शहर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।

