
कुरुक्षेत्र LNJP अस्पताल मामले में हरियाणा महिला आयोग सख्त, स्वास्थ्य विभाग से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
पंचकूला में आज हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने दी जानकारी।
*कुरुक्षेत्र LNJP अस्पताल मामले में हरियाणा महिला आयोग सख्त, स्वास्थ्य विभाग से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट…*
पंचकूला में आज हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने दी जानकारी।
उन्होंने आज अपने कार्यालय में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कुरुक्षेत्र के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म/यौन उत्पीड़न के मामले का स्वतः संज्ञान (सुओ मोटू) लिया है।
आयोग ने इस मामले को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग द्वारा इस मामले में एक पत्र भी जारी किया गया है।
काबिले जिक्र है कि एलएनजेपी अस्पताल के एक डॉक्टर पर आरोप है कि उसके द्वारा नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न किया गया।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल एक नाबालिग की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि चिकित्सा पेशे में जनता के विश्वास को भी ठेस पहुंचाने वाला मामला है।
आयोग ने स्वास्थ्य विभाग से भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट 2012, हरियाणा सिविल सेवा नियमों और अन्य लागू कानूनों के तहत तत्काल एवं उचित कार्रवाई करने को कहा है।
साथ ही आरोपी डॉक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने तथा आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
महिला आयोग ने पीड़िता की सुरक्षा, संरक्षण, काउंसलिंग और पुनर्वास सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।
आयोग ने स्वास्थ्य विभाग से इस मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) जल्द से जल्द उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
महिला आयोग की चेयरपर्सन का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


