
ईमेल से फैलाता था दहशत, 1000 बार भेजी बम की झूठी धमकी, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली और देश के कई राज्यों में लगातार मिल रही बम धमकियों के सिलसिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार किया है। कर्नाटक के मैसूर से पकड़ा गया 47 वर्षीय श्रीनिवास लुइस इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।

पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपी ने ईमेल के जरिए देशभर में 1000 से ज्यादा बार बम धमकी के संदेश भेजे। इन संदेशों के चलते कई बार स्कूलों, अदालतों और सरकारी कार्यालयों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत हरकत में आना पड़ता था और बम स्क्वॉड की टीमों को मौके पर तैनात किया जाता था।
हालांकि हर बार जांच में धमकी फर्जी साबित हुई, लेकिन इससे आम लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल जरूर बन गया था। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर जांच शुरू की और आखिरकार आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली, जहां से एक लैपटॉप बरामद किया गया। पुलिस को शक है कि इसी डिवाइस का इस्तेमाल कर आरोपी धमकी भरे ईमेल भेजता था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इसके पीछे कोई और मकसद या साजिश तो नहीं थी।
अब आरोपी को दिल्ली लाकर उससे पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस तरह की झूठी धमकियों का सिलसिला अब थम जाएगा।



