
ईद की खुशियां मातम में बदलीं, पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या
पटना से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। ईद जैसे पवित्र मौके पर जहां हर घर में खुशियां और उत्साह का माहौल होता है, वहीं राजधानी के आलमगंज इलाके में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यहां एक युवक ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपनी ही पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

घटना आलमगंज थाना क्षेत्र के पीरबैस मार्केट के पास की है, जहां मोहम्मद सोनू अपनी पत्नी जेबा परवीन और चार साल के बेटे के साथ किराए के मकान में रहता था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर सोनू ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे धारदार चाकू से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना खतरनाक था कि उसने जेबा के पेट, गर्दन और हाथ पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल जेबा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि इस खौफनाक मंजर का गवाह उनका मासूम चार साल का बेटा बना। बच्चा डर के मारे घर से भागकर पास में रहने वाली अपनी मौसी के घर पहुंचा और रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। बच्चे की बात सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
घायल महिला को आनन-फानन में नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
