उत्तर प्रदेश

हाईटेंशन टॉवर बना मौत का फंदा: तीसरी बार चढ़ा युवक, 90 फीट की ऊंचाई से गिरकर दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में गुरुवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। ओबरा थाना क्षेत्र के खैरटिया टोला में हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़े एक युवक की अचानक नीचे गिरने से मौत हो गई। करीब 90 फीट की ऊंचाई से गिरते ही उसका सिर जमीन में धंस गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान पनारी ग्राम पंचायत के गुडुर टोला निवासी शंभू यादव (35) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे शंभू को अचानक हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ते देखा गया। शुरुआत में लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की और नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह किसी की परवाह किए बिना लगातार ऊपर चढ़ता चला गया।

देखते ही देखते शंभू टॉवर की ऊपरी सतह तक पहुंच गया। ऊंचाई इतनी अधिक थी कि उसकी आवाज साफ सुनाई नहीं दे रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सिर के बल नीचे गिर पड़ा। नीचे गिट्टी और पत्थर होने के कारण गिरते ही उसका सिर करीब छह इंच तक जमीन में धंस गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि शंभू यादव लकड़ी बेचने का काम करता था और इससे पहले भी वह दो बार हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ चुका था। तीसरी बार यह खतरनाक कदम उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। लोगों ने आशंका जताई है कि घटना के समय वह नशे की हालत में हो सकता है, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि जांच के बाद करेगी।

ओबरा थाना प्रभारी विजय सिंह चौरसिया ने बताया कि युवक के टॉवर पर चढ़ने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

इस दर्दनाक घटना ने क्षेत्र में हाईटेंशन टॉवरों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button