
हरियाणा सरकार का शिक्षा मॉडल जहां कॉलेज बिना प्रिंसिपल, स्कूल बिना मुखिया, एवं बच्चे बिना भविष्य के – ओ पी सिहाग
प्रदेश के सभी कालेजों एवं स्कूलों में प्राचार्यो, प्राध्यापकों एवं अध्यापकों के स्वीकृत रिक्त पद तुरंत भरे जाये ।
हरियाणा सरकार का शिक्षा मॉडल जहां कॉलेज बिना प्रिंसिपल, स्कूल बिना मुखिया, एवं बच्चे बिना भविष्य के – ओ पी सिहाग
प्रदेश के सभी कालेजों एवं स्कूलों में प्राचार्यो, प्राध्यापकों एवं अध्यापकों के स्वीकृत रिक्त पद तुरंत भरे जाये ।
पंचकूला, 21 जनवरी: जननायक जनता पार्टी पंचकूला के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश सरकार की शिक्षा नीति पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की बीजेपी सरकार प्रदेश के युवाओ के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है ।प्रदेश के कालेजों एवं स्कूलों में प्रिन्सिपल से लेकर प्राध्यापकों एवं अध्यापकों के बहुत ज्यादा रेगुलर पद खाली पड़े हैं जिसकी वजह से बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त करने में पिछड़ रहे हैं। इस बारे जानकारी देते हुए जजपा जिला पंचकूला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि आर टी आई से प्राप्त सूचना अनुसार प्रदेश के 185 सरकारी कॉलेजों में से 75 कालेज बिना नियमित प्रिंसिपल के हैं। उन्होंने कहा कि बड़े ही आश्चर्य की बात है कि 8 कॉलेजों में तो प्रिंसिपल का पद ही स्वीकृत नहीं है। उन्होंने बताया कि 8,137 स्वीकृत असिस्टेंट प्रोफेसर पदों में 4,902 खाली है यानी 60% पद खाली पड़े हैं।
जजपा जिला अध्यक्ष सिहाग ने बताया कि आर टी आई के द्वारा प्राप्त सूचना अनुसार सब्जेक्ट वाइज तो हालात और भी डरावने हैं। उन्होंने कहा कि अँग्रेजी सब्जेक्ट के कुल1146 रेगुलर पदों में से 792 पद खाली हैं । ज्योग्राफी के 806 रेगुलर पदों में से 508 खाली हैं , कॉमर्स के 1,034 में से 486 खाली हैं। सिहाग ने बताया कि मैथेमेटिक्स में 704 पदों में से 409 पद खाली हैं, कैमिस्ट्री में 583 में से 409 खाली हैं, हिस्ट्री में 366 में से 209 खाली हैं ।सिहाग ने बताया कि साईकोलोजी में 227 में से 130 पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि बड़े ही अचरज की बात है कि आज के समय सबसे महत्वपूर्ण सब्जेक्ट एनवायरनमेंट में हंड्रेड प्रतिशत पद खाली है एक भी नियमित शिक्षक नहीं है।
जजपा नेता ओ पी सिहाग ने कहा कि प्रदेश भर के स्कूलों का भी यही हाल है। पूरे राज्य में 300 सरकारी स्कूल बिना नियमित प्रिंसिपल के चल रहे हैं तथा पी जी टी अध्यापकों को “चार्ज” देकर स्कूल चलाए जा रहे हैं ।उन्होंने कहा कि स्कूलों में भी बहुत ज्यादा पद खाली पड़े हैं।जहां स्टाफ ड्यूटी पर होता है उनसे बच्चों की पढ़ाई के अलावा दूसरी ड्यूटी में तैनात कर दिया जाता है। उनसे चुनाव के कार्य करवाने से लेकर विभिन्न सरकारी स्कीमों का सर्वे करवाने और तो और शहरो तथा गांवों में आवारा कुत्तों की जनसंख्या गिनने में भी लगा दिया जाता है।
जजपा जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष के सी भारद्वाज, हल्का पंचकूला अध्यक्ष राजेश निषाद एवं जिला कार्यालय सचिव सुरिन्दर चड्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार को हरियाणा के बच्चों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। जब कालेजों में प्राध्यापकों तथा प्राचार्यो के आधे से ज्यादा पद खाली है तो छात्र कैसे अच्छी गुणात्मक उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगे । जजपा नेताओं ने गहरी चिंता जताते हुए कहा कि आज के समय ज्यादातर गरीब परिवारों विशेष कर एस सी एवं बी सी समाज के बच्चे सरकारी स्कूलों में अध्ययन करने आते हैं परंतु जब स्कूलों में अध्यापकों के स्थायी पद ही खाली है तो समझा जा सकता है कि उनका भविष्य कैसा होगा।
जजपा नेताओ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रदेश के युवाओ के अच्छे भविष्य के लिए कालेजों एवं स्कूलों में पूरा स्टाफ तैनात करने की हर मुमकिन कौशिश की जाए ,प्रदेश के होनहार बेरोजगार युवाओं को उनके हुनर के मुताबिक स्कूलों या कालेजों में अध्यापकों एवं प्राध्यापकों के रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति की जाए ताकि प्रदेश के भविष्य बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले तथा होनहार बेरोजगार युवकों को पक्की नौकरी मिले।

