
यूपी में फिर बदला मिज़ाज: 15 जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ मौसम रहेगा अस्थिर
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं, लेकिन ठंड से अभी राहत मिलने की संभावना कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वी यूपी और मध्यांचल तक फैल सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं पश्चिमी तराई क्षेत्र और उत्तराखंड से सटे जिलों में ओले गिरने का खतरा बना हुआ है। शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलीं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।
शामली, मेरठ, गाजियाबाद और सहारनपुर सहित कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आई। बादलों और तेज हवाओं के कारण दिन में ठंडक बढ़ी, हालांकि रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके चलते प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। पश्चिमी यूपी में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, जबकि मध्यांचल में बादलों की वजह से दिन का तापमान थोड़ा गिर सकता है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी:
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं।
तेज झोंकेदार हवाओं (40–50 किमी/घंटा) की चेतावनी वाले जिले:
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं।
मौसम विभाग ने खासतौर पर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि तेज हवाओं और बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें।



