
मौसम ने फिर बदली करवट: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बारिश-कोहरा; कई राज्यों में अलर्ट जारी

उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बूंदाबांदी, ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड, कोहरा और बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना जताई है
सोमवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फ गिरी, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई। वहीं मैदानी राज्यों में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड और गलन बढ़ गई।
कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश के सरसावा, आगरा और हिंडन वायुसेना अड्डों पर दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे हवाई सेवाओं पर असर पड़ा। सड़कों पर भी वाहन रेंगते नजर आए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में पांच फरवरी तक घना कोहरा बने रहने की आशंका है।
हिमाचल में बर्फ, रास्ते बंद
हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर जारी है। कुल्लू, लाहौल और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रा क्षेत्र में करीब 90 सेंटीमीटर तक बर्फ जम चुकी है। भारी बर्फबारी के चलते अटल टनल को एहतियातन बंद कर दिया गया है, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई है। मणिकर्ण के तोष इलाके में सब्जी लेकर जा रही एक जीप के बर्फ पर फिसलकर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मैदानी इलाकों में बढ़ी गलन
उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। हरियाणा में सिरसा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंजाब और हरियाणा में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद शीतलहर का असर बना हुआ है।
आगे भी राहत के आसार कम
आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को भी उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में बारिश, बर्फबारी और शीतलहर जारी रह सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात का सिलसिला थमने के आसार कम हैं, जबकि मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश और बिजली को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर खुले इलाकों, खेतों और पेड़ों के नीचे काम करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
कुल मिलाकर, बदले मौसम ने जहां ठंड का असर बढ़ा दिया है, वहीं यातायात और रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी असर डाला है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और सुरक्षित रहने की जरूरत है।
