
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धन्यवाद रैली में उचाना क्षेत्र को दी करोड़ों रूपयों विकास परियोजनाओं की सौगात
आज उचाना की विकास रैली में मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणा
नीयत, नीति और अंत्योदय के संकल्प पर ही प्रदेश में तीसरी बार बनी सरकार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
उचाना में धन्यवाद रैली को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित, 103 करोड़ 31 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
प्रदेश सरकार ने उचाना क्षेत्र का हक सूद समेत लौटाने का काम किया: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर किया प्रहार, कहा कि दुष्प्रचार करने के अलावा इनके पास कोई काम नहीं
उचाना / जींद़,18 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की नीयत, नीति और अंत्योदय के संकल्प पर ही प्रदेश में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनी है। उचाना में विकास के पहिए को अब और भी तीव्र गति दी जाएगी और यहां की खुशहाली में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री जींद के उचाना में बुधवार को धन्यवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में पहुंचने पर आयोजक एवं उचाना विधानसभा से विधायक देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 103 करोड़ 31 लाख रुपये लागत की 5 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किए हैं। इनमें 28 करोड़ 54 लाख रुपये लागत के 3 उद्घाटन और 74 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत के 2 शिलान्यास शामिल हैं। इस दौरान प्रदेश के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक पवन खरखौदा भी मौजूद थे।
रैली में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उचाना की भूमि परिश्रम, परंपरा और प्रगति का संगम है। यह हरियाणा की वह धड़कन है, जहां जब किसान का पसीना मिट्टी में मिलता है, तो देश के अन्न भंडार भर जाते हैं। जब यहां का युवा संकल्प लेता है, तो पूरी दुनिया में भारत की प्रतिभा का परचम लहराता है।
उन्होंने कहा कि अन्न भण्डार भरने वाले किसानों की भूमि उचाना को लम्बे समय से नजर अंदाज किया गया। झूठे वायदे करके आपके वोटों की फसल तो पीढ़ियों तक काटी गई, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया। पिछले लंबे समय से आपको झूठे सपने दिखाकर अपनी पीढ़ियों को आगे बढ़ाने के अलावा कुछ नहीं किया। परिवारवाद की दलदल में फंसे ये लोग आपके बच्चों के भविष्य को लेकर संजीदा नहीं रहे। उन्होंने सिर्फ अपने बच्चों का भविष्य ही सुरक्षित किया है। लेकिन प्रदेश सरकार ने विकास के मामले में इस क्षेत्र का हक सूद समेत लौटाने का काम किया है और आगे भी यह जारी रहेगा।
98 में से 78 घोषणाओं पर काम हुआ पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राजनीति को केवल सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना है। उचाना हलके के विकास को गति देने के लिए 11 वर्षो के कार्यकाल में 98 सीएम अनाउंसमेंट हुई। इनमें से 78 का काम पूरा हो चुका और 15 का काम प्रगति पर है। उचाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हलके में विकास कार्यों पर पिछले 11 वर्षों में 1 हजार 409 करोड़ रुपये इस सरकार में खर्च किए गए हैं। जबकि, कांग्रेस के गत 10 साल के शासनकाल में मात्र 386 करोड़ रुपये खर्च किये गये थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासन में उचाना तहसील को उपमंडल और अलेवा उप-तहसील को तहसील का दर्जा दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी जनकल्याण के काम गति से कर रही है। बीजेपी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना है। विपक्ष केवल आरोप लगाता है, लेकिन सरकार के पास काम का रिपोर्ट कार्ड है। प्रदेश सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है।
संकल्प को पूरा कर रही है सरकार
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में इस क्षेत्र को केवल सब्जबाग दिखाते हुए वोट लेने का काम किया। विपक्ष आज मुद्दा विहीन हो चुका है। लेकिन हम जो कहते हैं, उसे करते भी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हमने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 संकल्पों में से 60 को एक साल में ही पूरा कर दिखाया है। प्रदेश सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। इसी के तहत गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसान हित हमारी नीतियों के केंद्र में है। कांग्रेस के राज में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को डब्बे में डाल दिया गया था, लेकिन बीजेपी सरकार ने हमेशा किसानों के लिए ही काम किया है। आज प्रदेश में किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश में फसल खराब होने पर गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 15 हजार 448 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासनकाल में 1 हजार 138 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई थी।
आम आदमी पार्टी पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर लड़ती है। कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान भी इन्होंने ऐसा ही किया था, लेकिन जनता ने इन्हें सबक सिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में वायदा किया कि 1 हजार रुपये महिलाओं को देंगे, अब चुनाव में केवल 7-8 महीने बचे हैं, लेकिन अब तक वहां किसी को कुछ नहीं दिया गया। जबकि हरियाणा में बहन-बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश की बीजेपी सरकार ने ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ शुरू की। इस योजना के तहत 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक 9 लाख 22 हजार से अधिक बहन-बेटियों को 634 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में 36 हजार युवाओं को बिना पर्ची- बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इन्हें मिलाकर पिछले 11 सालों में 1 लाख 80 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं।
गुमराह और दुष्प्रचार करना ही कांग्रेस का काम
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस का काम केवल और केवल दुष्प्रचार करना है। मुद्दा हासिल करने के लिए ये हाथ पांव मार रहे है, लेकिन इनके पल्ले कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि मनरेगा की आड़ में हुए भ्रष्टाचार को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने विकसित भारत-जी राम जी ग्रामीण को शुरु किया और अब 100 नहीं, 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी, साथ ही 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ इसके लिए आवंटित किए। लेकिन कांग्रेस इसे लेकर भी दुष्प्रचार करने लगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल और केवल झूठ बोलती है, 24 घंटे बिजली देने की भी कांग्रेस ने बात कहीं थी, लेकिन किया कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पेंशन के मुद्दे पर भी प्रदेश को गुमराह करने की कोशिश की।
उचाना अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा: विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री
धन्यवाद रैली के आयोजक एवं उचाना विधानसभा से विधायक श्री देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री ने अपने संबोधन में कहा कि धन्यवाद रैली केवल कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह संदेश है कि उचाना अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में तीसरी बार बनी बीजेपी सरकार में विकास की रफ्तार भी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि उचाना में विकास तेजी से करवाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने उचाना क्षेत्र के 6 गांवों का आईएमटी में चयनित होने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार भी जताया। श्री देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि पहले जो भी उचाना से चुनाव जीता, उसने दिल्ली और चंडीगढ़ से ही राजनीति की। इतना ही नहीं, उचाना से विजयी होने वाले बड़े बड़े ओहदों पर भी रहे, लेकिन उनका जनता से कोई लेना देना नहीं था।
———————————
उचाना धन्यवाद रैली में गरजे कैबिनेट मंत्री, कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहा प्रदेश का चहुंमुखी विकास
उचाना / जींद,18 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जींद जिला के उचाना में आयोजित विकास रैली में उचाना विधानसभा क्षेत्र को 103 करोड़ 31 लाख रुपये लागत की 5 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी किए। इनमें 28 करोड़ 54 लाख लागत के 3 उद्घाटन और 74 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत के 2 शिलान्यास शामिल है।
इस दौरान उपस्थित जनसमूह को प्रदेश के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी और हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने भी संबोधित किया।
जनता ने घरानों का वहम निकालने का काम किया: रणबीर सिंह गंगवा
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में जो माहौल था, उसे दूर करने का काम करते हुए उचाना की जनता ने बीजेपी सरकार बनवाई। आज पूरे हरियाणा में मुख्यमंत्री समान विकास करने का काम कर रहे है। श्री गंगवा ने कहा कि कई लोगों को वहम था कि यहां से केवल बड़े घराने ही जीत सकते है। इतना ही नहीं, यह वहम भी था कि वे बीजेपी के अंदर आएं है तभी बीजेपी की सरकार बनी है। यह वहम भी निकालने का काम उचाना की जनता ने किया है। केंद्र में मंत्री, एमपी तथा एमएलए रहने वालों को जनता ने बता दिया कि जनता तय करती है कि कौन विजयी होकर जाएगा, घराने नहीं।
किसी की पेंशन नहीं काटी: कृष्ण कुमार बेदी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि बांगर की धरती का हमेशा से राजनीति में अहम रोल रहा है। एक समय था, जब कांग्रेस की यहां से 5 सीट आई थी, ऐसे ही चैधरी देवीलाल भी यहां से जीते। लेकिन अब यहां की जनता बीजेपी पर राजी है, और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी पर यहां की जनता ने विश्वास जताया है। श्री बेदी ने कहा कि यहां से जीतने वालों ने राजनीतिक लाभ लेते हुए देश और प्रदेश में राजनीति की। बड़े ओहदे और पद लिए, लेकिन इस इलाके को देखने का उनके पास वक्त तक नहीं था। मगर, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ना सिर्फ आमजन के बीच आकर उनकी समस्याओं का हल कर रहे है, बल्कि विकास कार्यो को भी गति दे रहे है। उन्होंने कहा कि जनता का भला होता देख विपक्षियों को यह हजम नहीं हो रहा और वो जनता के बीच दुष्प्रचार करने का काम कर रहे है। श्री बेदी ने पेंशन के मुद्दे पर कहा कि सरकार ने ना किसी की पेंशन बंद की, ना किसी के काटने की योजना थी। सिर्फ जिनकी शिकायत थी अधिकारियों द्वारा उन्हें चेक करने के लिए रोका गया था। मगर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि चेकिंग बाद में करते रहना, पर पेंशन किसी की नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र हुड्डा के वक्त तो बुजुर्गों की ना सिर्फ पेंशन काटी गई, बल्कि ब्याज सहित और फाइन के साथ लौटाने बारे भी नोटिस जारी हुए थे। लेकिन वर्तमान सरकार ने ऐसा कुछ नहीं किया, बल्कि हर साल पेंशन बढ़ाई है।
हरियाणा में हो रहा है चहुमुँखी विकास: डाॅ कृष्ण लाल मिड्ढा
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का एक ही भाव है कि सत्ता नहीं, सेवा बड़ी होती है, राजनीति नहीं, जिम्मेदारी बढ़ी होती है। इसी के तहत 90 विधानसभा में जाकर मुख्यमंत्री विकास कार्यो को गति दे रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यो को तेज गति से कर रही है। डॉ मिड्ढा ने जींद जिला में हाल ही में करवाये गये विकास कार्यो का भी ब्यौरा देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने जींद में नया बाईपास, मेडिकल कॉलेज, नया रेलवे स्टेशन, जींद जिला को आईएमटी जैसी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यो को देख आज हालात यह है कि विपक्ष बौखला चुका है। चुनाव से पहले कांग्रेस सत्ता में आने की बातें करती थी, लेकिन जनता ने उनकी हवा ही निकाल कर रख दी।
मौजूदा सरकार रामराज्य की परिकल्पना हो रही साकार: तेजेंद्र ढुल
भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल ने उचाना धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का जिला वासियों की तरफ से स्वागत किया और कहा कि मौजूदा सरकार द्वारा जारी जन हितेषी नीतियों की बदौलत राम राज्य की परिकल्पना साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि आम जन का सरकार के प्रति लगातार विश्वास बढ रहा है वहीं सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता आई है। मौजूदा केंद्र व प्रदेश सरकार अंत्योदय कल्याण के विजन को फोकस रख कल्याणकारी नीतियां बना रही है।
यह रहे मौजूद।
इस अवसर पर चेयरमैन काॅपरेटिव सोसायटी अमरपाल राणा, चेयरमैन गौसेवा आयोग श्रवण गर्ग, हिसार लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी जवाहर सैनी, पूर्व विधायक कली राम पटवारी, जिला महामंत्री पुष्पा तायल व जितेंद्र रोड, जुलाना के पूर्व बीजेपी प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी, मुख्यमंत्री के मीडिया काॅर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, पूर्व मैम्बर एचएसएससी एडवोकेट विजय पाल, चेयरमैन मार्कट कमेटी सुरेंद्र, मंडल अध्यक्ष संजय चहल, सतीश जांगड़ा व श्रवण मांडी, रामफ शर्मा, गौरव भारद्वाज, टेकराम कंडेला, रामचंद्र अत्री, चेयरमैन ब्लाॅक समिति दिनेश श्योकंद, जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी प्रदीप कुमार, एएसपी सोनाक्षी सिंह, एसडीएम दलजीत सिंह, एसडीएम जगदीश चंद्र, एसडीएम सत्यवान सिंह मान, एसडीएम होशियार सिंह, डीएमसी सुरेंद्र दून, सीटीएम मोनिका रानी आदि मौजूद रहे।
————————————-
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उचाना में 103.30 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को दी सौगात
उचाना / जींद, 18 फरवरी हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज उचाना में आयोजित विकास रैली के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 103 करोड़ 30 लाख 84 हजार रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर आमजन के जीवन को सरल और बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने तीन विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया है, जिन पर 28 करोड़ 54 लाख 7 हजार रुपये की लागत आई है। वहीं दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी, जिनकी कुल लागत 74 करोड़ 76 लाख 77 हजार रुपये है। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, खेल और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।
नरवाना के जल सेवा मंडल के तहत 22 करोड़ 31 लाख 74 हजार रुपये की लागत से सुदकैन डिस्ट्रीब्यूटरी (आरडी 56000 से 118000 तक) के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन किया गया। इसके अंतर्गत सिरसा ब्रांच के आरडी 189990 /एल से ऑफ-टेक सहित संबंधित ढांचागत संरचनाओं का पुनर्निर्माण भी किया जाएगा, जिससे सिंचाई व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनेगी।
मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक उचाना के गांव डूमरखां कलां में निर्मित मल्टीपर्पज हॉल का उद्घाटन किया, इससे युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही 2 करोड़ 70 लाख 33 हजार रुपये की लागत से गांव सुदकैन कलां में जलापूर्ति योजना के नवीनीकरण, सुदृढ़ीकरण और शेष पाइपलाइन बिछाने के कार्य किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की सुविधा सुनिश्चित होगी।
मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा 43 करोड़ 81 लाख 29 हजार रुपये की लागत से महाग्राम योजना के तहत गांव नगूरा में जलापूर्ति को मजबूत करने तथा नए वाटर वर्क्स के निर्माण का शिलान्यास किया तथा 30 करोड़ 95 लाख 48 हजार रुपये की लागत से गांव छातर में सीवरेज योजना लागू करने की आधारशिला भी रखी।
————————
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धन्यवाद रैली में उचाना क्षेत्र को दी करोड़ों रूपयों विकास परियोजनाओं की सौगात
उचाना / जींद, 18 फरवरी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने धन्यवाद रैली में क्षेत्र वासियों को करोड़ों रूपयों की परियोजनाओं की सौगात देते हुए अनेक घौषणाएं की। उन्होंने कहा कि गांव थुआ के मौगा नंबर 3600 एल बधाना माइनर के खाल को पक्का किया जाएगा, इसके लिए 75 लाख रूपये की धन राशि खर्च की जाएगी। उचाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वाटर कोर्स की रीमॉडलिंग तथा रिहैबिलिटेशन तथा छह जल मार्गों की रीमॉडलिंग तथा रिहैबिलिटेशन कराई जाएगी। इस कार्य पर 3 करोड़ 72 लाख रूपये का खर्चा आएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोघड़ियां के नए भवन का निर्माण किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उचाना खुर्द जो पंचायत भवन में चल रहा है, उसके लिए नया भवन बनवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करसिंधु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की घोषणा की। इस कार्य पर लगभग 20 करोड़ रूपये का खर्च आएगा। सिंचाई विभाग की गांव बरसोला सब माइनर आरडी 19000 से 36500 तक का सुदृढिकरण किया जाएगा। उचाना विधानसभा में पंचायती राज विभाग के तहत ग्राम पंचायतों द्वारा दिये गए भवनों में ई-लाइब्रेरी तथा जिम हॉल खोले जाएंगें। पीडब्ल्यूडी रोड़ कहसुन-बड़ौदा से लेकर बाबा नागदेव मंदिर तक वाले रोड़ को 18 फुट चैड़ा किया जाएगा। इसी प्रकार गांव सफा खेड़ी, तारखा, सुदकैन खुर्द तथा थुआ में आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण करावाया जाएगा। गांव कहसुन में जल घर का नवीनीकरण, बुस्टिंग स्टेशन ,वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व गलियों में नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इन विकास कार्यों पर 3 करोड़ रूपये की राशि खर्च की जाएगी। उचाना शहर की पुरानी व अधूरी सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाएगा, जिस पर 9 करोड़ रूपये की लागत आएगी। गांव पेगा में जल निकासी योजना का विस्तार किया जाएगा तथा डीआई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इन विकास कार्यो पर लगभग 9 करोड़ 33 लाख रूपये की धन राशि खर्च की जाएगी। इसी प्रकार गांव करसिंधु को महाग्राम योजना में शामिल कर वहां सीवरेज सिस्टम तथा एसटीपी लगाने जैसे विकास कार्यो पर लगभग 50 करोड़ की धन राशि खर्च की जाएगी। राजकीय उच्च विद्यालय घासो, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कहसुन और राजकीय माध्यमिक विद्यालय बिघाना, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलेवा तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय खांडा में 15 अतिरिक्त क्लास रूम का निर्माण तथा अन्य कार्य कराए जाएगें। बरसोला माइनर और ढाकल हेड के लिए एक कमेटी बनाकर इस काम को पूरा करवाने का काम कराया जाएगां। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड जींद द्वारा उचाना में नई अतिरिक्त अनाज मंडी और मार्केट कमेटी के भवन का निर्माण करवाया जाएगा। उचाना में टीएससी एवं पुरानी अनाज मंडी की स्पेशल रिपेयर कराई जाएगी। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा उचाना हलके के विभिन्न गांवों की लगभग 5 करोड़ की लागत से पुरानी सड़कों को चैड़ा और उनकी मरम्मत कराई जाएगी तथा 25 किलोमीटर की नई सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उचाना विधानसभा की 122 किलोमीटर की 146 सड़कों की जो डीएलपी की अवधि में है आवश्यकता अनुसार संबंधित एजेंसी से उनको ठीक करवाया जाएगा और इसी प्रकार 15 किलोमीटर की सात सड़कों का निर्माण प्रगति पर है और 3 किलोमीटर की दो सड़कों की 51 लाख 61 हजार की लागत से स्पेशल रिपेयर करवाई जाएगी। उचाना विधानसभा क्षेत्र में लोक निमार्ण विभाग की 32 करोड 75 लाख रूपये की लागत से 18 सड़कों की विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण करवाया जाएगा। इन सडकों की कुल लंबाई 68 किलोमीटर है । इसके अलावा उचाना विधानसभा क्षेत्र की लोक निर्माण विभाग की 617 किलोमीटर की 146 सड़कें जो अभी डीएलपी की अवधि में है, आवश्यकता अनुसार उनको जरूरत के अनुसार एजेंसी द्वारा ठीक करवाया जाएगा और इसी प्रकार 392 किलोमीटर की 88 सड़कों का निर्माण प्रगति पर है । विधानसभा क्षेत्र की 54 किलोमीटर की 10 सड़कों की 26 करोड़ की लागत से स्पेशल रिपेयर का कार्य करवाया जाएगा। उचाना विधानसभा के खेत खलिहान के लिए 25 किलोमीटर लम्बाई तक के कच्चे रास्तों को पक्का कराया जाएगा । इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रूपये और देने की घोषणा की । उचाना शहर की ब्राह्मण धर्मशाला, पिछड़ा समाज की धर्मशाला तथा अग्रवाल समाज की धर्मशाला के लिए मुख्यमंत्री के स्वेच्छिक कोटे से 11-11 लाख रूपये देने की घोषणा की। Today News Haryana

