
बस की टक्कर से पिता-पुत्री घायल, CCTV में कैद हुआ हादसा
रेवाड़ी के बस अड्डे पर रविवार को एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बड़ा हादसा कर दिया। बस स्टैंड से बाहर निकल रही बस ने स्प्लेंडर बाइक सवार पिता और उनकी बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां दोनों का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, गुरदास माजरा गांव निवासी प्रदीप कुमार अपनी बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर अंबेडकर चौक की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बस अड्डे के निकास द्वार के पास पहुंचे, तभी तेज गति में आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने सावधानी नहीं बरती।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई। कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति बस को हटाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए बस को वहीं रोक दिया। लोगों का कहना था कि साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें बस की लापरवाही साफ नजर आ रही है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। घायल प्रदीप कुमार के पैर में गंभीर चोट आई है और उन्हें टांके लगे हैं, जबकि उनकी बेटी भी घायल हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने बस अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

