हरियाणा

पलवल में देह व्यापार पर बड़ी पुलिस कार्रवाई, 2 ओयो गेस्ट हाउसों से 17 लोग गिरफ्तार

पलवल जिले में हरियाणा पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। होडल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर स्थित ओयो गेस्ट हाउसों में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के धंधे पर पुलिस ने छापा मारकर कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 11 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं।

इस कार्रवाई को “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” के तहत अंजाम दिया गया। डीएसपी हेडक्वार्टर अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि होडल के बाबरी मोड़ के पास कुछ ओयो गेस्ट हाउसों में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई।

डीएसपी अनिल कुमार और डीएसपी होडल साहिल ढिल्लों के नेतृत्व में महिला पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम का गठन किया गया। छापेमारी से पहले पुलिस ने फर्जी ग्राहक भेजकर गतिविधियों की पुष्टि की। पुष्टि होने के बाद दोनों गेस्ट हाउसों पर एक साथ दबिश दी गई, जिससे आरोपियों को भागने का मौका न मिल सके।

पहले ओयो गेस्ट हाउस से पुलिस ने छह युवतियों को पकड़ा, जिन्हें ग्राहकों के लिए बुलाया गया था। इसके साथ ही गेस्ट हाउस के मैनेजर या संचालक सहित तीन युवकों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरे ओयो गेस्ट हाउस में छापेमारी के दौरान पांच युवतियां और तीन युवक पकड़े गए, जिनमें गेस्ट हाउस का मैनेजर या संचालक भी शामिल है।

डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान सभी आरोपी आपत्तिजनक हालत में पाए गए। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने स्थिति पर नियंत्रण रखते हुए सभी को काबू में ले लिया।

पुलिस ने दोनों मामलों में थाना होडल में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इसके साथ ही ओयो गेस्ट हाउस संचालकों और इन गेस्ट हाउसों को किराए पर देने वाले मकान मालिकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

डीएसपी अनिल कुमार ने साफ कहा कि पुलिस जिले में किसी भी तरह की अनैतिक और अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। भविष्य में भी ऐसे गेस्ट हाउसों और होटलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर इसी तरह की सख्त छापेमारी जारी रहेगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button