
पत्नी की हत्या में गैस सिलेंडर बना हथियार
गुरुग्राम के बजघेडा इलाके में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच चल रहे झगड़े ने इतना खतरनाक रूप ले लिया कि पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए घर में रखे एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल किया।

घटना की सूचना मंगलवार को तब मिली जब साहिब कुंज चौमा फाटक के पास एक मकान में महिला का शव मिलने की खबर पुलिस तक पहुंची। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे के अंदर खून से लथपथ महिला का शव बरामद किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि 20 मार्च को बिहार निवासी सुनील ने अपनी पत्नी गुंजन के साथ कमरा किराए पर लिया था। 23 मार्च की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर सुनील ने गैस सिलेंडर से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने जांच के दौरान 26 मार्च को आरोपी को गुरुग्राम से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।

