
दिल्ली में दिल दहला देने वाला अपराध: पत्नी से विवाद में सौतेले पिता ने 12 साल के मासूम की हत्या, वीडियो भेजकर दी जानकारी
राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद की आग में एक सौतेले पिता ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए 12 साल के मासूम बेटे की नृशंस हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने बच्चे का वीडियो बनाकर पत्नी को भेजा और मौके से फरार हो गया।

मृतक अल्तमश अपने परिवार के साथ शास्त्री पार्क की झुग्गी बस्ती में रहता था। उसकी मां मुमताज, भाई-बहन और सौतेला पिता वाजिद उसके साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि वाजिद पेशे से रिक्शा चालक है और पहले से शादीशुदा था। पहली शादी के रहते उसने मुमताज से निकाह किया था।
परिजनों के अनुसार, बीते करीब एक सप्ताह से मुमताज और वाजिद के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। आरोप है कि वाजिद अक्सर मारपीट करता था, जिससे तंग आकर मुमताज अपनी चाची के घर चली गई थी। पत्नी के घर न लौटने से वाजिद बौखला गया था और उसने बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी तक दे डाली थी।
गुरुवार को अल्तमश और उसका बड़ा भाई वसी रोज की तरह स्कूल गए थे। छुट्टी के समय वाजिद रिक्शा लेकर स्कूल पहुंचा और दोनों बच्चों को घर ले जाने के बहाने बैठा लिया। रास्ते में शास्त्री पार्क की लालबत्ती के पास उसने वसी को रिक्शे पर बैठने को कहा और छोटे बेटे अल्तमश को पास की झाड़ियों की ओर ले गया। यहीं आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
परिवार का कहना है कि वारदात के बाद वाजिद ने मुमताज को फोन कर बेटे की हत्या की बात बताई और झाड़ियों में पड़े शव का वीडियो भेज दिया। रातभर परिजन बच्चे की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह फिर एक वीडियो आया, जिसमें अल्तमश का शव दिखाई दे रहा था।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह करीब 9:50 बजे पुलिस को शास्त्री पार्क इलाके में एक बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अहम सबूत जुटाए। बच्चे की मां के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी वाजिद की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मासूम की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मां मुमताज का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने कहा कि उसका बेटा किसी गलती का दोषी नहीं था और घरेलू झगड़े की सजा उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। बहन-भाइयों और रिश्तेदारों में भी गहरा आक्रोश और दुख है।
यह वारदात एक बार फिर घरेलू हिंसा और पारिवारिक तनाव के खतरनाक नतीजों की ओर इशारा करती है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



