देश

झुंझुनू में दर्दनाक घटनाक्रम: पत्नी की मौत के बाद पति ने भी दी जान, सोशल मीडिया पर छोड़ा आखिरी संदेश

राजस्थान के झुंझुनू जिले के पदमपुरा गांव से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक छोटे से घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि कुछ ही घंटों के भीतर पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई। पहले पत्नी ने आत्महत्या की और उसकी खबर मिलते ही पति ने भी ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय सचिन दूधवाल जयपुर में मजदूरी करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो दिन पहले ही अपने गांव आया था, जहां उसने अपने एक साल के बेटे का जन्मदिन बड़े ही खुशी के साथ मनाया था। लेकिन इसी खुशहाल माहौल के बीच अचानक एक विवाद ने सब कुछ बदल दिया।

शनिवार सुबह सचिन और उसकी पत्नी भारती (23) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने लगा तो घर के बुजुर्गों ने बीच-बचाव किया। सचिन के पिता ने स्थिति को शांत करने के लिए उसे वापस जयपुर जाने की सलाह दी। सचिन घर से निकल गया, लेकिन उसके जाने के बाद हालात और बिगड़ गए।

कुछ समय बाद भारती अपने कमरे में चली गई और वहां उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई, तो उसके परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर भारती का शव पंखे से लटका मिला, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।

उधर, सचिन रास्ते में था, जब उसे फोन पर पत्नी की मौत की खबर मिली। यह सुनकर वह पूरी तरह टूट गया। उसने इस सदमे को सहन नहीं कर पाया और कुछ ही देर बाद एक खौफनाक कदम उठा लिया। नवलगढ़ के पास दुर्जनपुरा क्षेत्र में उसने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।

बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले सचिन ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश पोस्ट किया था—“कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं…”। यह संदेश उसकी मानसिक स्थिति और दर्द को साफ तौर पर दर्शाता है।

ट्रेन की टक्कर इतनी भयानक थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही दिन में दो मौतों ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया।

घटना के बाद अब दोनों परिवारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। सचिन के पिता का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले से ही मतभेद थे और यह विवाद उसी का नतीजा है। वहीं, भारती के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना समाज को यह सोचने पर मजबूर करती है कि छोटे विवाद किस तरह बड़ी त्रासदी में बदल सकते हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button