
उत्तर प्रदेश
झांसी: नगर निगम की करोड़ों की जमीन बेचने के मामले में 12 महिलाओं सहित 28 पर FIR, कर्मचारियों की मिलीभगत उजागर
झांसी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और खरीद-फरोख्त का एक बड़ा मामला सामने आया है। नगर निगम की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने 12 महिलाओं समेत 28 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मामला झांसी खास मौजा स्थित भूमि संख्या 1370 का है, जहां कोर्ट के स्टे और नगर निगम का बोर्ड लगा होने के बावजूद भू-माफियाओं ने 3.286 हेक्टेयर सरकारी जमीन बेच दी।

जांच में नगर निगम के कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही और मिलीभगत भी सामने आई है। जिस जमीन पर अवैध कब्जा किया गया, वहां बने मकानों को नगर निगम द्वारा आधिकारिक ‘मकान नंबर’ भी आवंटित कर दिए गए थे। लेखपाल राजीव राजपूत की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने न केवल सरकारी जमीन बेची, बल्कि नाबालिगों के नाम पर भी बैनामे कराए हैं। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम के अनुसार मामले की गहन विवेचना की जा रही है।



