हरियाणा

चौबारे में फंदे पर झूलता मिला युवक, अंटेहड़ी गांव में पसरा मातम

हरियाणा के अंटेहड़ी गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। 22 वर्षीय युवक अमनपाल ने अपने घर के चौबारे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना के समय अमनपाल के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। वे खेत में चारा लेने गए हुए थे, जबकि घर में उसकी दो बहनें शिवानी और ऊमा थीं। इसी दौरान अमनपाल ने अकेलेपन का फायदा उठाते हुए कमरे में जाकर पंखे से चुन्नी का फंदा बनाया और खुदकुशी कर ली।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोसियों को घर से रोने की तेज आवाजें सुनाई दीं। अमनपाल के दोस्त अभिषेक ने बताया कि वह अपने घर पर था, तभी पड़ोसी के घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर वह तुरंत वहां पहुंचा। अंदर जाकर देखा तो अमनपाल पंखे से लटका हुआ था और उसकी बहनें बदहवास हालत में रो रही थीं।

अभिषेक और अन्य लोगों ने मिलकर अमनपाल को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत उसके माता-पिता को सूचना दी। खबर मिलते ही वे खेत से दौड़े-दौड़े घर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इकलौते बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, अमनपाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि उसने अपनी परेशानी किसी के साथ साझा नहीं की थी। अचानक उठाए गए इस कदम ने सभी को हैरान कर दिया है।

सूचना मिलने पर थाना बाबैन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button