
एक ही रात में 18 दुकानों में सेंध, नकाबपोश चोरों ने मचाया हड़कंप
खोरी बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार देर रात चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश चोरों ने एक के बाद एक 18 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस चोरी से इलाके के व्यापारियों में भारी रोष है

जानकारी के अनुसार, खोरी बस स्टैंड के पास स्थित बाजार में रात के समय दुकानों में अधिक नकदी नहीं थी, इसके बावजूद चोर करीब तीन लाख रुपये के सामान को समेट ले गए। पूरी वारदात में तीन नकाबपोश चोर शामिल बताए जा रहे हैं, जो कुछ सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं।
चोरों ने पहचान से बचने के लिए कई दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए, हालांकि कुछ कैमरों में वे कटर और चोरी का सामान लेकर बाजार में घुसते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। दुकानदारों ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इस वारदात में सत्येंद्र यादव, विकास कुमार, रघुवीर सिंह, ईश्वर सिंह, सुशील कुमार, भुवनेश कुमार, मंजीत सिंह, शशी, विजय कुमार, मिलन और मोनू समेत कई दुकानदारों की दुकानें निशाने पर रहीं। कुछ व्यापारियों की एक से अधिक दुकानें भी टूटी हैं।
सुबह खुला राज, उड़ गए होश
गुरुवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले देखकर सन्न रह गए। बाजार में हार्डवेयर, लाइब्रेरी, साइकिल, रेडीमेड कपड़े, मेडिकल स्टोर सहित कई प्रकार की दुकानें शामिल हैं। चोरी की खबर फैलते ही सभी दुकानदार मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
लगातार चोरी से व्यापारी नाराज़
व्यापारियों का कहना है कि अगर रात में पुलिस गश्त होती तो इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं थी। उन्होंने इलाके में नियमित गश्त और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
एक सप्ताह के भीतर यह जिले की तीसरी बड़ी चोरी है। इससे पहले बावल थाना क्षेत्र के नांगल तेजू में भी नकाबपोश चोरों ने सात दुकानों और दो मंदिरों के दानपात्रों को निशाना बनाया था। वह घटना भी सीसीटीवी में कैद हुई थी।
पीड़ितों की जुबानी
सत्येंद्र (दुकानदार):
“सुबह देखा तो लाइब्रेरी और कपड़े की दुकान के ताले टूटे थे। इन्वर्टर बैटरी और नकदी गायब है। करीब 18–20 दुकानों में चोरी हुई है। लगता है चोर ग्राइंडर लेकर आए थे।”
रघुवीर (दुकानदार):
“मेरी दुकान से गैस और अन्य सामान चोरी हुआ है। करीब पांच हजार का नुकसान हुआ, बहुत निराशा है।”
पुलिस का बयान
गजराज, प्रभारी – खोल थाना:
शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

