
उन्नाव में आधी रात का कहर: लोन नदी पुल पर तेज रफ्तार बाइक हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत
उन्नाव जिले में सोमवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। अचलगंज–पुरवा मार्ग पर भूलेमऊ गांव के सामने बने मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और लोन नदी पुल की दीवार से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में ममेरे भाई सहित तीन युवकों की जान चली गई। हादसे के समय तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था।

बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के अढोली गांव निवासी अनुराग (31) बाइक चला रहे थे। उनके साथ बैसनखेड़ा गांव निवासी राहुल (26) पुत्र कालीप्रसाद और पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव निवासी सौरभ गौतम (25) पुत्र संतोष कुमार सवार थे। तीनों युवक रात करीब 12:15 बजे अचलगंज से पुरवा की ओर जा रहे थे। बताया गया कि वे किसी जरूरी काम से निकले थे और लौटते समय सौरभ को उसके गांव छोड़ने जा रहे थे।
जैसे ही बाइक भूलेमऊ गांव के सामने स्थित मोड़ पर पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। पल भर में बाइक लोन नदी के पुल की दीवार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अनुराग और राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सौरभ की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से अस्पताल में मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों के परिजनों ने बताया कि अनुराग पेशे से ट्रक चालक थे और तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। राहुल दूध का कारोबार करता था और दो भाइयों में बड़ा था। वहीं सौरभ जेसीबी चालक के रूप में काम करता था। तीनों मेहनतकश युवक थे और अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।
अनुराग की मौत से मां मुन्नी देवी, राहुल की मौत से मां रेनू और सौरभ के परिजन गहरे सदमे में हैं। गांवों में शोक की लहर है और हर आंख नम है।
बीघापुर कोतवाली प्रभारी अमरनाथ यादव ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



