
उत्तर भारत में हाड़ कंपाने वाली ठंड, हरियाणा-पंजाब में हालात खराब; कश्मीर में जमी डल झील, दिल्ली में हल्की राहत
नई दिल्ली। उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बुधवार को शीतलहर ने अपना सबसे ज्यादा असर पंजाब और हरियाणा में दिखाया, जहां तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया। ठंड इतनी ज्यादा बढ़ गई कि कश्मीर में डल झील के कुछ हिस्सों समेत कई जलाशय जम गए।

मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में रात का तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। ठंड के कारण सुबह के समय कोहरा और पाला पड़ने की स्थिति भी बन रही है।
दिल्ली में हालांकि इस शीतलहर का असर थोड़ा कम देखने को मिला। राजधानी में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के आसपास है। लेकिन न्यूनतम तापमान गिरकर 3.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे रात और सुबह के समय ठंड बनी रही।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि तापमान 5 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ठंड से मामूली राहत मिली है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुवार रात तक शीतलहर का असर बना रह सकता है और कुछ इलाकों में पाला पड़ने की आशंका है।

