
इंस्टाग्राम रील का जुनून पड़ा भारी: द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्टंट करते 4 युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में द्वारका एक्सप्रेसवे को स्टंट का अखाड़ा बनाना चार युवकों को महंगा पड़ गया। गुड़गांव पुलिस ने तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में स्टंट में इस्तेमाल की गई दो कारों को भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित वात्स (30), गोपी रमन (26), विजय शर्मा (30) और रवि शंकर मिश्रा (29) के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर जिले का निवासी है। ये सभी युवक 26 जनवरी को दिल्ली से अरावली हिल्स घूमने गए थे।
घूमने के बाद जब सभी युवक द्वारका एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली लौट रहे थे, उसी दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी की। दो अलग-अलग कारों में सवार होकर ये युवक तेज गति से वाहन चलाने लगे और चलती गाड़ियों की सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाने लगे। इतना ही नहीं, पूरे स्टंट को रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया, जो कुछ ही समय में वायरल हो गया।
वीडियो में साफ देखा गया कि सेक्टर-102, द्वारका एक्सप्रेसवे पर दोनों कारें तेज रफ्तार में दौड़ रही थीं और युवक अपनी जान के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान को भी खतरे में डाल रहे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई।
27 जनवरी को राजेंद्र पार्क थाना क्षेत्र की धनकोट चौकी पुलिस को इंस्टाग्राम पर वायरल इस वीडियो की सूचना मिली। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, वीडियो की जांच और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली।
इसके बाद राजेंद्र पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 281 और 285 के तहत मामला दर्ज किया गया। ये धाराएं सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही से वाहन चलाने और आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने से जुड़ी हैं।
धनकोट चौकी इंचार्ज उप-निरीक्षक जगमाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। टीम में हेड कांस्टेबल जितेंद्र, हेड कांस्टेबल संजीव और सिपाही मनीष शामिल थे। कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने गुड़गांव–दिल्ली बॉर्डर के पास द्वारका एक्सप्रेसवे पर दबिश देकर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि स्टंट में इस्तेमाल की गई किया सॉनेट कार आरोपी मोहित वात्स की थी, जबकि दूसरी कार मारुति स्विफ्ट को आरोपी रवि शंकर मिश्रा अपने एक परिचित से मांगकर लाया था। दोनों गाड़ियों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुड़गांव पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के खतरनाक स्टंट करना कानूनन अपराध है और इससे गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अगर कोई व्यक्ति इस तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो को किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर सुरक्षित ड्राइविंग करें और ऐसे खतरनाक स्टंट से दूर रहें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है।



